उत्तर भारत में शीतलहर का कहर, हिमाचल में बर्फबारी के कारण 226 सड़कें बंद
उत्तर भारत बुधवार को भी शीतलहर की चपेट में रहा और श्रीनगर और शिमला जैसे स्थानों पर लोग सफेद क्रिसमस देखने से वंचित रह गए। लद्दाख के न्योमा में न्यूनतम तापमान शून्य से 20.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति जिले सबसे ठंडे रहे। जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 10.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मनाली का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि शिमला का न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। क्रिसमस के दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो औसत तापमान से दो डिग्री अधिक है। राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम है।
कश्मीर के अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। घाटी में कड़ाके की ठंड जारी है जिसके कारण कई जलाशयों और कई इलाकों में पानी की पाइपलाइनें जमा हो गई हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में कश्मीर में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।

गुलमर्ग को छोड़कर, कश्मीर घाटी के अन्य सभी मौसम स्टेशनों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कश्मीर घाटी वर्तमान में चिल्लई कलां चरण से गुजर रही है जो 21 दिसंबर से शुरू हुई थी। इस अवधि के दौरान 40 दिनों तक बहुत ठंड रहती है। हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण 226 सड़कें बंद करनी पड़ी हैं। सबसे ज्यादा शिमला में 123 सड़कें बंद की गई हैं।
