एनडीआरएफ तैनात, बंगाल समेत 7 राज्य प्रभावित
बंगाल की खाड़ी से निकलने वाला चक्रवाती तूफान ‘दाना’ आज 2 बजे ओडिशा तट से टकराएगा। इसका असर पश्चिम बंगाल पर भी पड़ेगा। फिलहाल तटीय इलाकों में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।
ओडिशा के भद्रक में गुरुवार सुबह से बारिश शुरू हो गई। इस तूफान से ओडिशा और पश्चिम बंगाल सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे। भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक तूफान 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ओडिशा के उत्तरी हिस्से से गुजरेगा।
तटीय क्षेत्रों में 20 सेमी तक बारिश हो सकती है। भद्रक, केंद्रपाड़ा सहित कुछ स्थानों पर 12 इंच तक बारिश हो सकती है। ओडिशा के 14 जिलों में 10 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। ओडिशा सरकार ने एनडीआरएफ, ओडिशा आपदा राहत बल और दमकल विभाग की 288 टीमों को तैनात किया है।
दो हवाई अड्डों पर 300 उड़ानें रद्द, 552 ट्रेनें रद्द
गुरुवार शाम पांच बजे से 25 अक्टूबर की सुबह नौ बजे तक भुवनेश्वर और कोलकाता हवाई अड्डों पर 16 घंटे के लिए करीब 300 उड़ानें रद्द रहेंगी। दक्षिण पूर्व रेलवे ने 150 ट्रेनें, पूर्व तटीय रेलवे ने 198 ट्रेनें, पूर्व रेलवे ने 190 ट्रेनें और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 14 ट्रेनें रद्द की हैं। कुल 552 ट्रेनों को रद्द किया गया है।

ओडिशा के 14 जिलों में स्कूल-कॉलेज 25 अक्टूबर तक बंद कर दिए गए हैं। इस जिले के 10 लाख लोगों को निकाला जा रहा है। सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। ओडिशा उच्च न्यायालय ने सभी पर्यटन पार्कों को 25 अक्टूबर तक बंद कर दिया है।
