एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली गुजरात की एथलीट सरिता गायकवाड़ के साथ कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, रेत के कारोबार में निवेश के नाम पर उनसे 69.10 लाख रुपये लिए गए। आरोपी ने हर महीने 4 फीसदी मुनाफा देने और एक साल के भीतर मूल रकम लौटाने का भरोसा दिलाया था। पैसे वापस नहीं मिलने पर सरिता ने पुलिस से शिकायत की है।

दोस्त के जरिए हुई थी आरोपी से पहचान
यह मामला गुजरात के डांग जिले का है। शिकायत के मुताबिक, साल 2024 में सरिता गायकवाड़ की पहचान नितिन भारती नाम के शख्स से हुई थी। यह पहचान आहवा तालुका की गाढवी ग्राम पंचायत के सरपंच और सरिता के दोस्त जितेंद्रभाई के जरिए हुई थी। आरोप है कि नितिन भारती ने खुद को करोड़ों रुपये के रेत कारोबार से जुड़ा बताया और सरिता को इसमें निवेश करने का प्रस्ताव दिया। उसने हर महीने 4 फीसदी तक मुनाफा देने और एक साल बाद मूल रकम लौटाने का वादा किया।
अलग-अलग ट्रांजेक्शन में भेजे 69.10 लाख रुपये
शिकायत के मुताबिक, सरिता ने आरोपी की बातों पर भरोसा कर अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 69.10 लाख रुपये ट्रांसफर किए। तय समय पर मुनाफा और मूल रकम नहीं मिलने पर उन्होंने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने बार-बार रकम लौटाने का भरोसा दिया, लेकिन पैसे वापस नहीं किए। लंबे समय तक इंतजार करने के बाद सरिता ने पुलिस से संपर्क किया।

पुलिस ने शुरू की जांच
सरिता गायकवाड़ ने आहवा एसओजी शाखा में लिखित शिकायत दी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पैसों के लेन-देन, बैंक खातों और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। डांग की एसपी पूजा यादव ने भी मामले को लेकर जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के बाद ही हो सकेगी।
2018 एशियन गेम्स में जीता था गोल्ड

सरिता गायकवाड़ गुजरात की जानी-मानी एथलीट हैं। उन्होंने 2018 में इंडोनेशिया के जकार्ता और पालेमबांग में हुए एशियन गेम्स में भारतीय महिला 4x400 मीटर रिले टीम के साथ गोल्ड मेडल जीता था। इस उपलब्धि के बाद उन्हें गुजरात की ‘गोल्डन गर्ल’ के नाम से पहचान मिली।