आज नदी जोड़ो प्रोजेक्ट लेगा आकार: CM मोहन यादव

MP NEWS: भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जंयती पर मध्यप्रदेश सीएम डॉक्टर मोहन यादव ने लेख लिखा है.
MP NEWS: सीएम मोहन यादव ने लिखा है
आज भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी की 100वीं जयंती है. हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खजुराहो में देश की पहली, महत्वाकांक्षी केन-बेतवा नदी जोड़ो राष्ट्रीय परियोजना का शिलान्यास करेंगे. श्रद्धेय अटल जी का नदियों को आपस में जोड़ने का संकल्प और समृद्धि का सपना मूर्तरूप लेगा.
MP NEWS: सीएम ने दी लेख के जरिए दी श्रद्धांजलि
उन्होंने अपने लेख में अटल जी की कविता के माध्यम से उनको श्रद्धांजलि दी है. उन्होंने लिखा है-उजियारे में, अंधकार में / कल-कछार में, बीच धार में /क्षणिक जीत में दीर्घ हार में / जीवन के शत-शत आकर्षक / अरमानों को ढलना होगा, कदम मिलाकर चलना होगा…/
MP NEWS: मुख्यमंत्री ने लिखा है कि धरती को सुजलाम् सुफलाम् करने और समृद्धि के नये आयाम स्थापित करने के लिए श्रद्धेय अटल जी ने करीब 20 वर्ष पूर्व नदी जोड़ो अभियान की संकल्पना की थी. उन्होंने देशभर की नदियों को जोड़कर बिखरी पड़ी जलराशि के समुचित प्रबंधन का सपना देखा था. उनका सपना था, देशभर की नदियां आपस में जुड़ें और जल की एक-एक बूंद का उपयोग समाज और राष्ट्र के लिये हो. श्रद्धेय अटल जी 100वीं जयंती पर आज मध्यप्रदेश में केन-बेतवा से विश्व की पहली नदी जोड़ो परियोजना द्वारा जल सुरक्षा का स्थायी समाधान करने की दिशा में महती कदम उठाया जा रहा है.
MP NEWS: उन्होंने लिखा कि मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता है कि आज हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री और वर्तमान पीढ़ी के भागीरथ नरेन्द्र मोदी खजुराहो में देश की पहली, महत्वाकांक्षी केन-बेतवा नदी जोड़ो राष्ट्रीय परियोजना का शिलान्यास करेंगे. इसी के साथ श्रद्धेय अटल जी का नदियों को आपस में जोड़ने का संकल्प और समृद्धि का सपना मूर्तरूप लेगा. मध्यप्रदेश नदियों का मायका है, सैकड़ों नदियों की विपुल जलराशि से समृद्ध है. प्रदेश की नदियों के आशीर्वाद से यह बहुउद्देशीय परियोजना बुंदेलखंड की जीवन रेखा साबित होगी.
MP NEWS: सीएम ने लिखा कि यह परियोजना छतरपुर और पन्ना जिले में केन नदी पर विकसित की जा रही है. इसमें पन्ना टाइगर रिजर्व में केन नदी पर 77 मीटर ऊंचाई एवं 2.13 किलोमीटर लंबाई के दौधन बांध एवं 2 टनल का निर्माण होगा. बांध में 2 हजार 853 मिलियन घन मीटर जल का भंडारण किया जायेगा. इसमें दाब युक्त सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के माध्यम से मध्यप्रदेश के 10 जिले पन्ना, दमोह, टीकमगढ़, छतरपुर, निवाड़ी, सागर, रायसेन, विदिशा, शिवपुरी और दतिया के लगभग 2 हजार ग्रामों में 8.11 लाख हेक्टेयर में सिंचाई हो सकेगी और लगभग 7 लाख किसान परिवार लाभान्वित होंगे. मध्यप्रदेश की 44 लाख और उत्तर प्रदेश की 21 लाख आबादी को पेयजल की सुविधा मिलेगी और 103 मेगावॉट जल विद्युत एवं 27 मेगावॉट सौर ऊर्जा का उत्पादन होगा. इसका लाभ संपूर्ण मध्यप्रदेश को मिलेगा.
MP NEWS: केन-बेतवा नदी जोड़ो राष्ट्रीय परियोजना से बुंदेलखंड के हर खेत तक सिंचाई के लिये पानी पहुंचेगा. प्रदेश में बिजली, कृषि, उद्योग और पेयजल के लिये भरपूर पानी उपलब्ध होगा. खेत को पानी मिलने से फसलों का अमृत बरसेगा. किसानों के जीवन में खुशहाली आयेगी और बुंदेलखंड की तस्वीर तथा तकदीर बदलेगी. इस परियोजना से खेती-किसानी, उद्योग, व्यवसाय और पर्यटन को गति मिलेगी जिससे पलायन रुकेगा और नागरिकों का जीवन खुशहाल होगा. जलराशि की विपुलता के साथ बाढ़ तथा सूखा, दोनों समस्याओं का समाधान होगा.
MP NEWS: मुख्यमंत्री ने अपने लेख में कहा कि हमारा संकल्प है विरासत के साथ विकास. इसी लक्ष्य की ओर आगे बढ़ते हुएपरियोजना में ऐतिहासिक चंदेलकालीन 42 तालाबों को सहेजने का कार्य किया जायेगा.यह तालाब वर्षाकाल में जल से भर जायेंगे. इससे धरती का जल स्तर बढ़ेगा जिसका लाभ लोगों को मिलेगा.
