CM Dr. Mohan Yadav Helicopter: खंडवा जिले के पंधाना में मध्य प्रदेश सीएम डॉ. मोहन यादव का हेलीकॉप्टर टेकऑफ के दौरान अचानक लड़खड़ा गया। यह घटना 15 फरवरी को हुई। सीएम जब एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। हेलीकॉप्टर उड़ान भरते समय आगे बढ़ने की बजाय पीछे की ओर मुड़ा और हवा में कुछ पलों के लिए रुक गया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, पायलट की सूझबूझ से स्थिति संभल गई और सीएम सुरक्षित भोपाल पहुंचे। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

टेकऑफ में आई दिक्कत
सीएम डॉ. मोहन यादव खंडवा जिले के पंधाना में राज्य स्तरीय लाडली बहना योजना के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सीएम डॉ. मोहन भोपाल लौटने के लिए हेलीकॉप्टर में बैठे, लेकिन जैसे ही हेलीकॉप्टर ने टेकऑफ किया, वह बाईं ओर झुक गया, फिर सीधा हुआ और पीछे की ओर मुड़ने लगा। करीब 36 सेकंड तक यह स्थिति बनी रही। हेलीकॉप्टर जमीन से ऊपर उठा, लेकिन दिशा बदलने में परेशानी आई।

स्पीड कंट्रोल से बची जान
पायलट ने फौरन स्थिति को संभाला। ज्यादा धूल उड़ने से बचाने के लिए उन्होंने हेलीकॉप्टर की स्पीड कम कर दी। कुछ सेकंड में हेलीकॉप्टर स्थिर हो गया और सुरक्षित उड़ान भरी। इस बीच, मौके पर हलचल मच गई, लेकिन कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। सीएम की टीम ने तुरंत जांच की , उसके बाद सीएम सुरक्षित रुप में भोपाल पहुंच गए।
खंडवा के SP का बयान
इस घटना को लेकर खंडवा के SPमनोज कुमार राय ने बताया कि ‘विमान में कोई टेक्निकल प्रॉब्लम नहीं थी। संबंधित अधिकारियों से तुरंत बात की गई. उन्होंने बताया कि यह नॉर्मल था। टेकऑफ के दौरान, हेलीकॉप्टर उस दिशा में नहीं था जिस दिशा में उसे होना चाहिए था. यह हवा में ऊपर उठा और अपनी तय दिशा में मुड़ने लगा. इसी बीच, बहुत धूल उड़ने लगी। धूल को और बढ़ने से रोकने के लिए पायलट ने हेलीकॉप्टर की स्पीड धीमी कर दी। कुछ ही सेकंड में हेलीकॉप्टर को थोड़ा नीचे लाया गया और वापस रोक दिया गया।’
