CM MOHAN BIRTHDAY: भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज जन्मदिवस है। इस मौके पर 25 मार्च को मुख्यमंत्री आवास में ‘बहनों की पाती:भैया के नाम अभिव्यक्ति’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बहनों ने भाई डॉ. मोहन यादव को धूमधाम से जन्मदिन की बधाई दी। कार्यक्रम की शुरुआत सीएम डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलन कर की। उसके बाद बहनों ने उन्हें कई तरह के उपहार भी दिए। महिलाओं ने भाई डॉ. मोहन को आशीर्वाद से भरी पाती और गुलदस्ते भेंट किए। कई बहनों ने उन्हें उनकी तस्वीरें भी भेंट की। उससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जन्म दिवस की शुरुआत गौ माता को ग्रास देकर, उन्हें दुलार कर की। उन्होंने दिव्यांग बच्चों को मुख्यमंत्री निवास आमंत्रित कर बच्चों का अभिवादन किया और उन्हें उपहार भेंट किए।

CM MOHAN BIRTHDAY: मैं बहनों का आभार व्यक्त करता हूं-सीएम डॉ. मोहन
इस मौके पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अभिव्यक्ति कार्यक्रम के माध्यम से बहनों का स्नेह-आशीर्वाद हमारी सरकार को मिला है। सरकार के गठन के बाद ही बहनें इस तरह आशीर्वाद प्रदान कर रही हैं। आज भले ही मैं जन्मदिन की बधाई ले रहा हूं, लेकिन वास्तव में आज बहनों के आशीर्वाद का दिन है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बहनों से कहा कि आपका स्नेह-आशीर्वाद इसी तरह मिलता रहे। हम अलग से बहनों की पंचायत बुलाएंगे, जिसमें विस्तार से बात होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। बहनों के आशीर्वाद से हमारा प्रदेश भी आगे बढ़ रहा है। परमात्मा करे इस पर किसी की नजर न लगे। मैं इस अवसर पर बहनों का आभार व्यक्त करता हूं।
CM MOHAN BIRTHDAY: माता रानी से प्रार्थना
इस मौके पर बहनों ने कहा कि नवरात्रि का अवसर है। हम माता रानी से भैया डॉ. मोहन यादव की दीर्घायु की कामना करते हैं। माता रानी उन्हें सुशासन करने का आशीर्वाद दें। महिलाओं ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से महिलाओं, गरीबों और जरूरतमंदों को सीधा लाभ मिल रहा है। इसी भावना के साथ बहनों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि मुख्यमंत्री को शक्ति, स्वास्थ्य और लंबी आयु प्रदान करें, ताकि वे प्रदेश की सेवा इसी तरह करते रहें।
