CM Dhami appointment letters: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के अंतर्गत मानचित्रक के पद पर चयनित 12 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी नवनियुक्त कर्मियों को शुभकामनाएं दीं।

नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड में अब सरकारी नियुक्तियां पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष हो रही हैं। उन्होंने प्रदेश में लागू सख्त नकल विरोधी कानून का जिक्र करते हुए बताया कि इसके प्रभावी होने के बाद से अब तक प्रदेश के 30 हजार से ज्यादा युवाओं को विभिन्न सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।
‘कृषि व्यवस्था बनेगी सुदृढ़’
यह राज्य सरकार की युवाओं के प्रति प्रतिबद्धता और सुशासन का स्पष्ट प्रमाण है। चयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए CM धामी ने कहा कि उनकी नियुक्ति कृषि व्यवस्था को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने में भूमिका निभाएगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी अभ्यर्थी अपने कार्यक्षेत्र में पूरी ईमानदारी और लगन से काम कर राज्य के विकास में योगदान देंगे।

CM Dhami appointment letters: श्रीअन्न का उत्पादन
प्रदेश सरकार के विजन को साझा करते हुए सीएम ने बताया कि उत्तराखंड में कृषि को लाभकारी बनाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। प्रदेश में नेचुरल फार्मिंग के साथ-साथ श्रीअन्न (मिलेट्स) के उत्पादन और विपणन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। सेब, कीवी, बागवानी और औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा दिया गया है। किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल पर जोर दिया जा रहा है।
