Viksit Rajasthan Run 2026: रविवार को राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में ‘विकसित राजस्थान रन 2026′ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों और आम नागरिकों ने दौड़ में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शर्मा ने भारत माता की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की।

युवाओं को रोजगार
युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा कि पिछले 5 सालों में युवाओं को कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। उनकी सरकार ने सवा 2 साल में युवाओं के साथ अन्याय करने वालों को जेल भेजने का काम किया है। CM ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाया गया है और सरकार युवाओं को रोजगार देने के साथ उन्हें रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में भी काम कर रही है।
Viksit Rajasthan Run 2026: 1.25 लाख भर्तियां
मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार ने 5 साल में 4 लाख सरकारी और 6 लाख निजी रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। अब तक करीब 1.25 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे जा चुके हैं। वहीं लगभग 1.35 लाख पदों पर भर्ती जारी है। पहले जारी किए गए 1 लाख भर्ती कैलेंडर को बजट में बढ़ाकर 1.25 लाख भर्तियां कर दिया गया है।

हर व्यक्ति तक पहुंचे योजना
CM शर्मा ने कहा कि प्रदेश और देश के नागरिक होने के नाते सभी की जिम्मेदारी है कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े गरीब, किसान और मजदूर तक पहुंचाने में सहयोग करें। मुख्यमंत्री भजनलाल ने सभी प्रतिभागियों से राजस्थान को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की। विधायक गोपाल शर्मा, मुख्य सचिव वी श्रीनिवास, DGP राजीव शर्मा और खेल सचिव नीरज के पवन सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
