CM Bhajan Lal Action Officials: राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक ऐतिहासिक और बेहद सख्त कदम उठाया है। मुख्यमंत्री शर्मा ने सरकारी तंत्र में बैठे ‘सफेदपोश’ अपराधियों और लापरवाह अधिकारियों की कुंडली खंगालते हुए अभियोजन स्वीकृति और विभागीय जांच के 50 से ज्यादा प्रकरणों का एक साथ निस्तारण कर दिया।

‘क्लीनअप ऑपरेशन’
इस कार्रवाई के दायरे में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के एक बड़े अधिकारी से लेकर उपखंड अधिकारी (SDM), विकास अधिकारी और सचिव स्तर के कार्मिक आए हैं। राज्य सरकार के इस ‘क्लीनअप ऑपरेशन’ से प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है।
CM Bhajan Lal Action Officials: अधिकारियों पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने सुशासन की मिसाल पेश करते हुए IPS के एक अधिकारी के खिलाफ 2 अलग-अलग मामलों में संघ लोक सेवा आयोग के परामर्श से दण्ड की मात्रा बढ़ाने का कड़ा निर्णय लिया है। इसके साथ ही, निजी व्यक्तियों को अवैध लाभ पहुंचाने के आरोप में तत्कालीन SDM सहित PWD और महिला और बाल विकास विभाग के अधिकारियों के विरुद्ध अभियोजन स्वीकृति दे दी गई है। अब इन अधिकारियों के खिलाफ कोर्ट में कानूनी कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया है।
राजस्व संग्रहण की समीक्षा बैठक
इसके अलावा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री कार्यालय में राजस्व संग्रहण के संबंध में समीक्षा बैठक की। बैठक में राजस्व आय में वृद्धि के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए। राजस्व संग्रहण को और सुदृढ़ बनाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर समय से कार्य सुनिश्चित किए जाए, जिससे प्रदेश के समग्र विकास को और गति मिल सके।

