cloudburst in himachal mandi chamba bridges collapse: झारखंड में खदान हादसे में 4 की मौत, अलर्ट पर आधा देश
cloudburst in himachal mandi chamba bridges collapse: हिमाचल प्रदेश में मानसून के आगमन के बाद हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। 20 जून से लेकर अब तक बारिश, लैंडस्लाइड और बादल फटने की घटनाओं में 75 लोगों की जान जा चुकी है और 288 लोग घायल हुए हैं। सबसे ज्यादा नुकसान मंडी जिले में देखने को मिला, जहां 14 लोगों की मौत हुई और 31 लोग अब भी लापता हैं।
मंडी और चंबा में कहर
शनिवार को मंडी जिले की चौहार घाटी में एक मोटर पुल और तीन पैदल पुल तेज बहाव में बह गए। वहीं, चंबा जिले में कंघेला नाले पर बना एक पुल भी ढह गया, जिससे इलाके का संपर्क कट गया है। प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मंडी के डीसी अपूर्व देवगन ने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है। करीब 250 जवानों की NDRF और SDRF की टीमें लापता लोगों की तलाश में लगी हुई हैं। थुनाग इलाके की मुख्य सड़क को दोबारा चालू किया गया है और खच्चरों के माध्यम से राहत सामग्री भेजी जा रही है।
हिमाचल में अलर्ट
मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जहां दोपहर और रात को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, ऊना, बिलासपुर, चंबा, शिमला और सोलन जैसे सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। सरकार ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
झारखंड में कोयला खदान हादसा
रामगढ़ जिले के महुआ टांगरी में शनिवार सुबह भारी बारिश के चलते एक अवैध कोयला खदान धंस गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई और 4 अन्य घायल हो गए हैं। प्रशासन की ओर से राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। झारखंड में भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट सोमवार सुबह तक जारी है।
मध्यप्रदेश, दिल्ली और अन्य राज्यों की स्थिति
- मध्यप्रदेश के मंडला, नरसिंहपुर और जबलपुर जिलों में तेज बारिश से नर्मदा नदी उफान पर है। एक नेशनल हाईवे पर पुल भी ढह गया है।
- दिल्ली में फिरोजशाह रोड सहित कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई है।
- राजस्थान के सवाई माधोपुर में बारिश के बाद दो फीट तक पानी भर गया।
- महाराष्ट्र के रत्नागिरी में 15 दिनों में तीसरी बार लैंडस्लाइड हुई है।
- जम्मू-कश्मीर के रामबन और राजौरी में नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।
Read More :-ICAI ने CA फाउंडेशन, इंटर, और फाइनल रिजल्ट घोषित किया: 50% वाले पास