Chhattisgarh weather: छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता अब कम होती दिखाई दे रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 31 जुलाई से राज्य में बारिश की तीव्रता और वितरण में कमी आ सकती है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना अब भी बनी हुई है।

Chhattisgarh weather: न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। बस्तर और रायपुर संभाग के कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी देखने को मिली। दुर्ग जिले में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Chhattisgarh weather: मानसून की दिशा में बदलाव
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने जानकारी दी है कि मानसून द्रोणिका (ट्रफ लाइन) अब राजस्थान से होकर उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रही है। इसके अतिरिक्त, एक अन्य द्रोणिका उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश से लेकर बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। इन बदलावों का प्रभाव बारिश की गतिविधियों पर पड़ रहा है, जिससे प्रदेश में वर्षा की मात्रा में कमी आने की संभावना है।
Chhattisgarh weather: 1 अगस्त को बिजली गिरने की संभावना
मौसम विभाग ने 1 अगस्त को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। साथ ही एक-दो स्थानों पर वज्रपात (बिजली गिरने) की भी चेतावनी दी गई है। आम जनता को सतर्क रहने और खराब मौसम में खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
Chhattisgarh weather: रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में 31 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दिन अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
अगस्त की शुरुआत में भी बारिश का क्रम अनियमित रह सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि कुछ दिनों तक व्यापक वर्षा की संभावना कम है, जिससे मानसून की चाल और अधिक धीमी हो सकती है।
