Chhattisgarh crime: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से हत्या की दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है, जिसमें एक बेटे ने कुल्हाड़ी से अपने ही पिता की हत्या कर दी. जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच शराब पीने को लेकर विवाद छिड़ गया था, जो इतना आगे बढ़ गया कि बेटे ने खौफनाक तरीके से रिश्तों का अंत कर दिया. घटना के सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है.

हमले के बाद पिता ने मौके पर ही तोडा दम
पुलिस की मानें तो पिता और बेटे के बीच शराब को लेकर कहासुनी हुई थी. इसी दौरान गुस्से में आकर बेटे ने कुल्हाड़ी से पिता पर हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले में पिता गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी घबरा गया और उसने अपराध छिपाने की कोशिश की.
शव को छुपा कर रखा पानी की टंकी में
जानकारी के मुताबिक, पिता की मौत के बाद आरोपी ने शव को घर के पास बनी पानी की टंकी में डाल दिया, ताकि किसी को तुरंत इस वारदात की जानकारी न मिल सके. हालांकि बाद में किसी तरह इस घटना का खुलासा हो गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया, आरोपी को गिरफ्तार किया, और जांच शुरू कर दी.
हत्या करने के बाद बेटे ने खाई बिरयानी, सामान्य रखा व्यवहार
मामले की सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद भी आरोपी बिल्कुल सामान्य तरीके से घर में ही रहा. पुलिस के द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, उसने घर पर बिरयानी खाई और फिर कंबल ओढ़कर सो गया, मानो जैसे कुछ हुआ ही न हो. आरोपी बेटे के इस व्यवहार ने लोगों को और भी ज्यादा चौंका दिया है.
पुलिस के अनुसार, उन्होंने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि यह सब गुस्से में हो गया और उसका ऐसा करने का इरादा नहीं था. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने की कोशिश कर रही है.
