Chhattisgarh Budget: छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और विकास की दिशा तय करने वाला बजट आज (मंगलवार) विधानसभा में पेश किया गया. राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विधानसभा में बजट प्रस्तुत किया. इस बार बजट की थीम संकल्प रखी गई है. इसमें S से मतलब समावेशी विकास, A से अधोसंरचना, N से निवेश, K से कुशल मानव संसाधन, A से अंत्योदय, L से लाइवलीहुड और P से पॉलिसी से परिणाम तक है. बजट का कुल आकार 1.72 लाख करोड़ रुपये है. बजट में शिक्षा पर खासा जोर दिया गया है.

एजुकेशन सिटी बनाने का प्रावधान किया गया
बजट में जगरगुंडा और अबूझमाड़ में 2 नई एजुकेशन सिटी बनाने का प्रावधान किया गया है. इन सिटी के लिए 100 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान शामिल है. विकास यात्रा का केंद्र इस बार ज्ञान और गति रहा. अब जानते हैं, छत्तीसगढ़ सरकार के बजट की 10 बड़ी बातें.
1. वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1,72,000 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट है. जनजातीय बहुल ग्राम पंचायत के लिए 200 करोड़ का प्रावधान किया गया है. पिछड़ी जनजातियों के लिए आवासीय विद्यालय का प्रावधान किया गया है. जनजातीय संस्कृति को दुनिया तक पहुंचाने के लिए जनजातीय सुर गुड़ी योजना के लिए 75 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.
Chhattisgarh Budget: पॉलिटेक्निक के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान
2. दंतेवाड़ा, मनेंद्रगढ़, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा और कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे. मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना के लिए 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. सामाजिक सुरक्षा के तहत पेंशन के लिए 1400 करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट दिया गया है. आईटीआई और पॉलिटेक्निक के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान है. लाइवलीहुड कॉलेज के लिए 75 करोड़ रुपये का प्रावधान है. इससे युवाओं की स्किल डेवलप होगी. युवाओं के करियर काउंसलिंग के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान है. नालंदा परिसर में करियर काउंसलिंग होगी. प्रतिभाशाली युवाओं की आर्थिक मदद के लिए 33 करोड़ रुपये का प्रावधान है. हॉस्टल के लिए मुख्यमंत्री शिक्षा सहयोग योजना के लिए 10 करोड़ दिए जाएंगे.
विश्वविद्यालय को 700 करोड़ रुपये का अनुदान
3. इलेक्ट्रॉनिक सूचना प्रौद्योगिकी के लिए 35 करोड़ रुपये से इनोवेशन सेंटर बनेगा. उच्च शिक्षा के क्षेत्र में रायपुर, दुर्ग समेत पांच शासकीय महाविद्यालयों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में बनाएंगे. इसके लिए 15 करोड़ रुपये का प्रावधान है. 25 कॉलेजों को भवन निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये दिए जाएंगे. रायपुर में परीक्षा केंद्रों के लिए 25 करोड़ मिले. राज्य के विश्वविद्यालय को 700 करोड़ रुपये का अनुदान देंगे.
उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा
4. बस्तर में इंद्रावती नदी पर मटनार और देउरगांव बैराज के निर्माण के लिए 2024 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. ग्रामीण अर्थव्यवस्था की बेहतरी पर भी सरकार फोकस कर रही है. बस्तर और सरगुजा में पशुपालन गतिविधियों हेतु ₹15 करोड़ का प्रावधान किया गया है. बस्तर और सरगुजा विकास प्राधिकरण के लिए 75-75 करोड़ रुपये का प्रावधान है. उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ वायु सेवा शुरु होगी
5. विद्युत सुविधा के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान है. 80 करोड़ घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 354 करोड़ रुपये निःशुल्क बिजली योजना के लिए दिए जाएंगे. मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान है. नगरीय निकाय में अधोसरंचना के लिए 750 करोड़ रुपये का प्रावधान है. 1500 बस्तर फाइटर्स के पदों का सृजन किया जाएगा. बिलासपुर, अंबिकापुर से नियमित फ्लाइट की शुरुआत होगी. छत्तीसगढ़ वायु सेवा शुरु होगी. इसके लिए 30 करोड़ रुपये बजट में मिले हैं.
Chhattisgarh Budget: 200 करोड़ रुपये प्रारंभिक प्रावधान किया गया
6. मेट्रो रेल काम के लिए बजट में प्रावधान किया गया है. सिपा सार परियोजना के लिए 3047 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है. महानदी पर बैराज निर्माण के लिए 650 करोड़ रुपये का प्रावधान है. कुनकुरी, मनेंद्रगढ़ और दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज के संचालन के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान है. राज्य में रेल सुविधाओं को बढ़ावा मिल रहा है. रेल प्रोजेक्ट 24 गुना तेजी से बढ़े. मुख्यमंत्री द्रुत गामी सड़क योजना शुरू होगी. सड़कों का उन्नयन होगा. 200 करोड़ रुपये प्रारंभिक प्रावधान किया गया है.
सरगुजा में होमस्टे पॉलिसी के लिए 10 करोड़ रुपये मिलेंगे
7. बजट में मितानिन कल्याण योजना के लिए 350 करोड़ रुपये का प्रावधान है. किसानों को ब्याज मुक्त निधि के लिए 350 करोड़ रुपये का प्रावधान है. सहकारी समितियों के लिए 150 करोड़ रुपये से गोदाम बनेंगे. बजट में 1500 करोड़ रुपये आयुष्मान योजना के लिए हैं. स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन पर 2000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. दवाओं की गुणवत्ता जांचने के लिए 25 करोड़ रुपये से लैब बनाई जाएंगी.नए होम्योपैथी कॉलेज खुलेंगे. 70 बस सेवा से बस्तर में यातायात बेहतर होगा. इसके लिए 10 करोड़ रुपये बजट का प्रावधान है. बस्तर और सरगुजा में होमस्टे पॉलिसी के लिए 10 करोड़ रुपये मिलेंगे.
सरगुजा में रोड नेटवर्क दुरुस्त होगा
8. बजट में पर्यटन को बढ़ावा दिया गया है. सरगुजा-मैनपाट के लिए 5 करोड़ का प्रावधान है. बस्तर और सरगुजा में कृषि, रोजगार के लिए नए अवसर पैदा होंगे. निवेशकों को अनुदान के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. बस्तर और सरगुजा में मेडिकल कॉलेज के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान है. डॉक्टरों और विशेषज्ञों की भर्ती होगी. बस्तर और सरगुजा में रोड नेटवर्क दुरुस्त होगा.
5500 करोड़ रुपये का अनुदान मिलेगा
9. महतारी वंदन योजना से 70 लाख महिलाओं को 14000 करोड़ रुपये दिए हैं. बजट में 8200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. लखपति दीदियों को व्यवसाय के लिए मुख्यमंत्री लखपति दीदी भ्रमण योजना के लिए बजट आवंटित किया गया है. देश भ्रमण के लिए भी बजट है. महतारी सदन के लिए 275 करोड़ रुपये मिले. पांच आंगनबाड़ी निर्माण के लिए 42 करोड़ रुपये का बजट है. बालिकाओं के जन्म पर योजना, दुर्गावती योजना, 18 वर्ष होने पर 1.50 लाख रुपये दिए जाएंगे. मार्कफेड को धान उपार्जन के लिए 6 हजार करोड़ रुपये का बजट दिया गया है. नेशनल मिशन नैचुरल फॉर्मिंग के लिए 40 करोड़ रुपये का प्रावधान है. प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देंगे. कृषि पंपों के लिए 5500 करोड़ रुपये का अनुदान मिलेगा.
अनुमान पूर्व की तुलना में 4.2 फीसदी अधिक
10. पीएम आवास योजना ग्रामीण के लिए 4000 करोड़ रुपये का प्रावधान है. वीबी जी राम जी योजना के लिए 4000 करोड़ रुपये का प्रावधान है. स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ठ शाला योजना की शुरुआत होगी. 150 विद्यालयों के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान है. स्कूल भवन के लिए 123 करोड़ रुपये का प्रावधान है. 913 करोड़ रुपये का प्रावधान वनों के संरक्षण के लिए किया गया है. वन विभाग में 1000 पदों पर भर्ती होगी. बजट में पांच मिशन (मुख्यमंत्री एआई मिशन, मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन, मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन, मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन और मुख्यमंत्री स्टार्टअप और निपुण मिशन) लॉन्च किए गए. प्रत्येक मिशन में 100-100 करोड़ खर्च होंगे. 1.72 लाख करोड़ रुपये बजट का अनुमान पूर्व की तुलना में 4.2 फीसदी अधिक है.
