Chhattisgarh Assembly: छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला, और कहा कि कांग्रेस सिंडिकेट ने छत्तीसगढ़ की जनता को लूटने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कोयला,शराब,डीएमएफ सहित विभिन्न मामलों में व्यापक भ्रष्टाचार हुआ और भ्रष्टाचार के लिए कुछ भी नहीं छोड़ा गया।

जनहित के कार्यों में उपयोग करना सुनिश्चित किया
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उनकी सरकार ने शराब से प्राप्त राजस्व को अब जनहित के कार्यों में उपयोग करना सुनिश्चित किया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राजीव मितान योजना की राशि का उपयोग केवल राहुल गांधी के कार्यक्रमों के दौरान ही दिखाई देता था।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस शासन के दौरान ढाई-ढाई साल के नेतृत्व की अवधारणा को लेकर भी निशाना साधा और कहा कि इससे प्रशासनिक अस्थिरता पैदा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और आने वाले समय में और भी गिरफ्तारियां होंगी।हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक का जिक्र करते हुए साय ने कहा कि एक समय देश में 70 प्रतिशत से अधिक नक्सल गतिविधियां छत्तीसगढ़ में केंद्रित थीं।
Chhattisgarh Assembly: प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत किए गए
मुख्यमंत्री ने कहा कि नियद नेल्ला नार योजना के माध्यम से बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और सुरक्षा बलों के कैंप खोले जा रहे हैं। जहां कभी गोलियों की आवाज गूंजती थी, वहां आज स्कूल की घंटी बज रही है।आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। बस्तर पंडुम का उद्घाटन द्रौपदी मुर्मू द्वारा किया गया, जबकि समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति रही।
Chhattisgarh Assembly: कॉरपोरेट घरानों को बस्तर सौंपने के आरोप खारिज
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बार-बार यह आरोप लगाया जाता है कि बस्तर को कॉरपोरेट घरानों को सौंपा जा रहा है, लेकिन यह पूरी तरह निराधार है। हम बस्तर में सिंचाई सुविधाएं बढ़ाना चाहते हैं, पर्यटन को बढ़ावा देना चाहते हैं और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर में होम-स्टे को प्रोत्साहित किया जाएगा ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटित जनजातीय संग्रहालय में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। यह संग्रहालय छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और इतिहास को प्रदर्शित करता है।
