Cheetah Gamini 4 Cubs: मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क से वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक बार फिर बड़ी और सुखद खबर सामने आई। यहां मादा चीता गामिनी ने 4 शावकों को जन्म दिया। भारत में चीतों के पुनर्वास अभियान को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है।

CM ने जताई खुशी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ये खुशखबरी साझा कर खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा – अब मध्यप्रदेश चीतों के ‘पुनरुद्धार’ का भी मुख्य केंद्र बन रहा है। ‘गामिनी’ से जन्मी भारतीय मूल की 25 माह आयु की मादा चीता द्वारा खुले जंगलों में 4 शावकों को जन्म देना इस बात का प्रमाण है कि मध्यप्रदेश की धरती चीतों के वंश विस्तार के लिए पूरी तरह अनुकूल है। प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता सफल हो रही है।
अब मध्यप्रदेश चीतों के ‘पुनरुद्धार’ का भी मुख्य केंद्र बन रहा है।
‘गामिनी’ से जन्मी भारतीय मूल की 25 माह आयु की मादा चीता द्वारा खुले जंगलों में 4 शावकों को जन्म देना इस बात का प्रमाण है कि मध्यप्रदेश की धरती चीतों के वंश विस्तार के लिए पूरी तरह अनुकूल है। प्रकृति और वन्यजीव… pic.twitter.com/EZsJobzmsG
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) April 11, 2026
प्राकृतिक वातावरण में शावकों का जन्म
यह घटना न सिर्फ कूनो बल्कि पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। साल 2022 में शुरू हुए चीता पुनर्वास परियोजना के बाद यह पहली बार है, जब किसी मादा चीता ने प्राकृतिक जंगल वातावरण में शावकों को जन्म दिया है। चीता गामिनी पिछले 1 साल से अधिक समय से खुले जंगल में रह रही थी। इस दौरान उसने शिकार करना, क्षेत्र तय करना और प्राकृतिक परिस्थितियों में खुद को बनाए रखना सीख लिया है। अब शावकों का जन्म इस बात का प्रमाण है कि चीतों का जीवनचक्र सामान्य रूप से आगे बढ़ रहा है।
Cheetah Gamini 4 Cubs: चीतों की संख्या 57
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री Bhupender Yadav ने एक्स पर इस खुशखबरी को साझा किया। उन्होंने कहा कि यह भारत के लिए गर्व का पल है और चीता प्रोजेक्ट के लिए एक बड़ा मील का पत्थर है। इन 4 नए नन्हे मेहमानों के आने के बाद अब भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 57 हो गई है. इसमें कूनो में जन्मे शावक और बाहर से लाए गए चीते शामिल हैं.
