Chandrapur woman murder: महाराष्ट्र के चंद्रपुर शहर से शनिवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां लिव-इन रिलेशन में रह रही 29 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शुरुआत में इस घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सच्चाई उजागर कर दी और आरोपी प्रेमी का झूठ बेनकाब हो गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली हत्या की परतें

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान प्रियंका शंकर वांढरे (29) के रूप में हुई है, जो तुकूम स्थित वानखेडे वाड़ी की निवासी थी। पुलिस ने बताया कि 14 मार्च की रात करीब 8:15 बजे यह वारदात हुई, जिसका खुलासा 3 अप्रैल को हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि प्रियंका की हत्या गला घोंटकर की गई। आरोपी ने मोबाइल चार्जर के केबल से गला कसने के साथ हाथ से दबाकर उसकी जान ली। यह खुलासा होते ही मामले ने नया मोड़ ले लिया।
आरोपी ने रचा था आत्महत्या का झूठा ड्रामा
हत्या के बाद आरोपी ने प्रियंका के परिजनों को फोन कर कहा कि वह बात नहीं कर रही है। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो प्रियंका अचेत अवस्था में पड़ी थी और उसके गले पर लाल निशान साफ दिखाई दे रहे थे। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभ में पुलिस ने इसे आकस्मिक मृत्यु मानकर मामला दर्ज किया, लेकिन 2 अप्रैल को आई मेडिकल रिपोर्ट ने हत्या की पुष्टि कर दी।
प्रेमी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा रिमांड पर
जांच के बाद शहर की दुर्गापुर पुलिस ने सावली तहसील के सोनागपुर निवासी आरोपी अंकेश योगेश बहीरवार (22) को गिरफ्तार कर लिया है। 3 अप्रैल को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
पति से अलग होने के बाद लिव-इन में रह रही थी युवती
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रियंका कुछ महीने पहले अपने पति से अलग हो गई थी। इसके बाद उसकी मुलाकात अंकेश से हुई और दोनों तुकूम में साथ रहने लगे। हालांकि, यही रिश्ता अंततः उसकी मौत का कारण बन गया। पुलिस को प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की आशंका है और मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
