कनाडा के सांसद ने कहा- यहां हिंदुओं की सुरक्षा खतरे में
कनाडा के ब्रैम्पटन में हिंदू सभा मंदिर में आए लोगों पर खालिस्तान समर्थकों ने हमला कर दिया। हमलावरों के हाथों में खालिस्तान के झंडे थे। उन्होंने मंदिर में मौजूद लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
कनाडा के सांसद चंद्र आर्य ने ब्रैम्पटन में हिंदू सभा मंदिर के परिसर में खालिस्तानी आतंकवादियों द्वारा हिंदू-कनाडाई श्रद्धालुओं पर किए गए हमले की निंदा की है। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा खालिस्तानी आतंकवादियों ने लाल रेखा पार कर ली है, जो कनाडा में हिंसा के बढ़ने को दिखाता है.
कनाडा के सांसद चंद्र आर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘आज कनाडा के खालिस्तानी चरमपंथियों ने रेड लाइन पार कर ली है। ब्रैम्पटन में हिंदू सभा मंदिर के परिसर में हिंदू-कनाडाई श्रद्धालुओं पर खालिस्तानियों द्वारा किया गया हमला दिखाता है कि कनाडा में खालिस्तानी चरमपंथ कितना हिंसक और बेशर्म हो गया है।
‘अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता कानून का फायदा उठाने का आरोप’
चंद्र आर्य ने ‘एक्स’ पर आगे लिखा, ‘मुझे लगता है कि इन खबरों में कुछ सच्चाई है कि कनाडा में राजनीतिक व्यवस्था के अलावा खालिस्तानियों ने हमारी कानून प्रवर्तन एजेंसियों में भी घुसपैठ की है. खालिस्तानी चरमपंथी कनाडा के अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता कानून का फायदा उठा रहे हैं और यह सब करने के लिए मुफ्त पास प्राप्त कर रहे हैं।
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने इस घटना की निंदा की
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। भारी संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। पील क्षेत्रीय पुलिस प्रमुख निशान दुरईप्पा ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
भारत ने कनाडा में एक हिंदू मंदिर पर तोड़फोड़ और हमले पर चिंता व्यक्त की है। ओटावा में भारतीय उच्चायोग ने भी इस संबंध में एक बयान जारी किया है। भारतीय उच्चायोग ने कहा कि भारत विरोधी तत्व टोरंटो के पास ब्रैम्पटन में हिंदू सभा मंदिर में ‘जानबूझकर’ हिंसा में शामिल थे। हम भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं।
हिंदुओं पर हमले के बाद कनाडा की राजनीति भी गरमा गई है। विपक्षी नेता ट्रूडो सरकार पर हमला बोल रहे हैं। कनाडा के विपक्षी नेता पियरे पोइलीवर ने कहा कि हिंदू मंदिरों में भक्तों पर इस तरह की हिंसा अस्वीकार्य है। सभी कनाडाई लोगों को स्वतंत्रता होनी चाहिए कि वे उन्हें शांतिपूर्वक अपने विश्वास और धर्म का अभ्यास करने की अनुमति दें। कंजरवेटिव पार्टी ने इस घटना की निंदा की है।
