Bob Simpson Australia Coach Death: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और महान कोच बॉब सिम्पसन की 89 साल की उम्र में 16 अगस्त यानि की आज निधन हो गया। इस खबर से ऑस्ट्रेलिया ही नहीं बल्कि क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
ऑस्ट्रेलिया को कोच बॉब ने दिलाया पहला वर्ल्ड कप…
बॉब सिम्पसन की कोचिंग में ही ऑस्ट्रेलिया ने साल 1987 में क्रिकेट वर्ल्ड कप का खिताब पहली बार अपने नाम किया था। उनकी रणनीति, कड़ी मेहनत और कड़े अनुशासन ने टीम को नई पहचान दी। इतना ही नहीं बल्कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को धीरे – धीरे दुनिया की नंबर वन टीम बनाने तक में अपनी अहम भूमिका निभाई।

कप्तान से लेकर कोच तक सफर…
बॉब सिम्पसन न्यू साउथ वेल्स से आए थे, उन्होंने 1957 में टेस्ट क्रिकेट से डेब्यू किया था और साल 1978 में वनडे क्रिकेट में भी कदम रखा। 1957 से 1978 तक वह ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम का हिस्सा रहे और कप्तान के तौर पर भी टीम का नेतृत्व किया। बॉब ने 41 साल की उम्र में संन्यास ले लिया था, इसके बाद भी वह क्रिकेट से जुड़े रहे और कोच के रुप में ऑस्ट्रेलिया का स्वर्णिम दौर शुरु किया।
10 साल तक ऑस्ट्रेलियाई टीम के कोच..
बॉब सिम्पसन को 1986 में ऑस्ट्रेलियाई टीम का कोच नियुक्त किया गया। उनकी कोचिंग में ये उपलब्धियां हासिल की..
1. 1987 वर्ल्ड कप जीता।
2. 1989 में एशेज बरकरार रखा।
3. 1990-91, 1993 और 1994-95 में एशेज पर कब्ज़ा जमाया।
4. 1990 तक ऑस्ट्रेलिया को दुनिया की नंबर वन टीम बनाया।
वह 1986 से 1996 तक लगभग 10 साल तक टीम के कोच रहे और इस दौरान कई दिग्गज खिलाड़ियों को तराशा।

शानदार बल्लेबाज और ऑलराउंडर…
बॉब सिम्पसन सिर्फ एक बेहतरीन कोच ही नहीं बल्कि एक शानदार बल्लेबाज और ऑलराउंडर भी थे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 62 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उनके नाम 4869 रन दर्ज हैं। 46.81 की औसत से बनाए गए इन रनों में 10 शतक शामिल हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 311 रन रहा।
बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी उनका जलवा देखने को मिला, जहां उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 71 विकेट चटकाए। वनडे क्रिकेट में सिम्पसन ने 2 मैच खेले और 36 रन बनाने के साथ 2 विकेट भी लिए। वहीं, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 257 मैचों में 21,029 रन बनाए और कई यादगार पारियां खेलीं। उनकी ये उपलब्धियां उन्हें क्रिकेट इतिहास के महान खिलाड़ियों की श्रेणी में खड़ा करती हैं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने की पुष्टि…
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बॉब सिम्पसन के निधन की पुष्टि की और उन्हें “ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का स्तंभ” बताया। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
