BJP Punjab rally: पंजाब की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गरमाने लगा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को मोगा में आयोजित ‘बदलाव रैली’ में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने इस दौरान दावा किया कि यदि पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो दो वर्षों के भीतर राज्य से नशे के नेटवर्क को खत्म कर दिया जाएगा और धर्म परिवर्तन पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून लाया जाएगा।
‘बदलाव रैली’ से भाजपा ने भरी चुनावी हुंकार

मोगा में आयोजित ‘बदलाव रैली’ को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अब पंजाब में एक मजबूत और निर्णायक राजनीतिक ताकत के रूप में उभरने के लिए तैयार है |
उन्होंने पंजाब की जनता से अपील करते हुए कहा कि एक बार भाजपा को प्रदेश में मौका दें, ताकि पंजाब को नशा, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था से मुक्त किया जा सके। शाह ने आगे कहा कि भाजपा का लक्ष्य राज्य में सुशासन और विकास को नई दिशा देना है।
नशा और धर्म परिवर्तन पर अपनाया जायेगा’ सख्त रुख
अपने संबोधन में शाह ने नशे के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि यदि पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो सिर्फ दो साल के भीतर नशे के पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म कर दिया जाएगा। साथ ही साथ उन्होंने यह भी घोषणा की कि धर्म परिवर्तन को रोकने के लिए राज्य में कड़े कानून लाए जाएंगे, ताकि सामाजिक संतुलन और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखा जा सके।
आम आदमी पार्टी और केजरीवाल पर बोला हमला
शाह ने आगे के संबोधन में आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब की सरकार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का “एटीएम” बनकर रह गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के संसाधनों का इस्तेमाल अन्य राज्यों में राजनीतिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है, जबकि राज्य भ्रष्टाचार और अव्यवस्था से जूझ रहा है।
राहुल गांधी और कांग्रेस पर भी साधा निशाना
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों पर पलटवार करते हुए शाह ने कहा कि इतिहास में नेहरू के समय डॉ. भीमराव अंबेडकर को चुनाव हराने की कोशिश की गई थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी यह तय करने वाले कौन होते हैं कि किसी राज्य में मुख्यमंत्री कौन बनेगा।
किसानों के लिए MSP और कृषि बजट का किया जिक्र
केंद्रीय गृह मंत्री ने प्रदेश के किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने कृषि बजट को बढ़ाकर 1.40 लाख करोड़ रुपये कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज सबसे ज्यादा फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जा रही है। साथ ही किसानों को ट्रेड डील के नाम पर फैलाए जा रहे कथित भ्रम से सावधान रहने की भी सलाह दी।
