MP में 36 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा, 5 राज्यों के लिए कोहरे की चेतावनी
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बर्फबारी के कारण देश के उत्तरी राज्यों में ठंड का असर जारी है। उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, बिहार, पंजाब और हरियाणा में भी घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश के पांच जिले किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा और चंबा में तीन दिन से बर्फबारी का अलर्ट जारी है। इन जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
उधर, कश्मीर में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। पहलगाम में बीती रात का तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
उत्तरी राज्यों में बर्फबारी के कारण मध्य प्रदेश में ठंडी हवाओं के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। भोपाल में नवंबर का महीना 36 साल में सबसे ठंडा रहा। यहां का तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
हर साल 15 नवंबर तक रोहतांग की ऊंची पहाड़ियां कई फीट बर्फ से ढक जाती थीं। इस साल 30 नवंबर तक बर्फ नहीं पड़ी है। हालांकि यहां 1-2 दिन में बर्फबारी हो सकती है।
चक्रवाती तूफान फंगल से तमिलनाडु प्रभावित, बारिश के लिए रेड अलर्ट

तमिलनाडु में नागपट्टिनम बीच को चक्रवात फांगल के कारण खाली करा लिया गया था। शहर में आज बारिश का रेड अलर्ट है।
बंगाल की खाड़ी से उत्पन्न चक्रवात फेंगल के प्रभाव के कारण तमिलनाडु के कई जिलों में बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 4 दिनों से लगातार हो रही बारिश की वजह से यहां बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कई टीमें बचाव कार्य में लगी हुई हैं।