बिलासपुर मंदिर विवाद: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। शहर के एक मंदिर परिसर में आयोजित क्रिसमस पार्टी ने अचानक विवाद का रूप ले लिया। इस आयोजन को लेकर स्थानीय समुदायों में तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जिसके बाद पुलिस को तुरंत हस्तक्षेप करना पड़ा।
बिलासपुर मंदिर विवाद: मंदिर परिसर क्रिसमस पार्टी
जानकारी के अनुसार, ईसाई समुदाय की नवजीवन सेवा समिति द्वारा मंदिर परिसर में क्रिसमस पार्टी का आयोजन किया गया था। इस आयोजन में नॉनवेज खाने और गिफ्ट वितरण की भी व्यवस्था की गई थी। हालांकि, आयोजन के लिए किसी प्रकार की प्रशासनिक अनुमति नहीं ली गई थी।
बिलासपुर मंदिर विवाद: हिंदू संगठनों ने काटा बवाल
जैसे ही यह खबर स्थानीय हिन्दू संगठनों तक पहुँची, उन्होंने मंदिर परिसर में पहुंचकर आपत्ति दर्ज कराई। उनका आरोप था कि बिना अनुमति धार्मिक स्थल का उपयोग निजी आयोजन के लिए किया गया और इससे मंदिर की पवित्रता प्रभावित हुई।
पुलिस ने संभाली स्थिति
हंगामा फैलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की। साथ ही हिन्दू संगठनों की ओर से दी गई लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू की।
प्रशासन की चेतावनी
पुलिस ने यह भी साफ किया कि भविष्य में इस तरह के आयोजन से पहले सभी नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने सभी समुदायों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और किसी भी आयोजन से पहले अनुमति लेने की अपील की है।
