सोशल मीडिया पर जंग
बिहार की सत्ता पर काबिज NDA और विपक्षी RJD के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जंग छिड़ी हुई है। RJD ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने आधिकारिक हैंडल से पोस्ट कर 1 से 19 फरवरी के बीच महिलाओं और बच्चियों के साथ हुई यौन हिंसा की घटनाओं की लिस्ट जारी की। RJD ने यह लिस्ट जारी कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। पोस्ट में लिखा –
ज़िंदा ही तो हो, कोई मुर्दा तो नहीं! कुछ कर नहीं सकते तो उतर क्यों नहीं जाते?कुर्सी ही तो है, कोई अर्थी तो नहीं! बेपरवाह भाजपा नीतीश सरकार और लचर कानून व्यवस्था का हाल! बिहार की बच्चियों के लिए एक एक साँस है मुहाल!!
RJD ने लगाए आरोप
एक और पोस्ट में RJD ने लिखा – महिला विरोधी मुख्यमंत्री की छत्रछाया में अपराधी बेखौफ। साथ ही मुख्यमंत्री को पागल भी कहा।
महिलाओं पर बढ़ रही हिंसा को लेकर राबड़ी देवी ने विधानसभा में बिहार सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा
फरवरी माह में ही बिहार में 35 बच्चियों के साथ अलग अलग कांड हो गए हैं, बेपरवाह BJP नीतीश सरकार इन कांडों में हुई गिरफ्तारियों का हवाला दे रही है तो क्या पुलिस का काम केवल दोषियों को गिरफ्तार करना होता है? भाजपा नीतीश सरकार को ज्ञात होना चाहिए कि अपराध की रोकथाम, अन्वेषण, अवलोकन, निगरानी, अपराध की पुनरावृत्ति की संभावनाओं को मिटाना भी पुलिस बल का ही दायित्व होता है।
इसके अलावा RJD ने सोशल मीडिया पर महिला और बच्चियों से जुड़े अपराधों के बारे में और भी पोस्ट किया।
तेजस्वी ने CM को कहा कठपुतली
बिहार विधानसभा में भी विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश पर पर हमला बोलते हुए कहा कि इनकी स्थिति ठीक नहीं है। मुख्यमंत्री बिल्कुल अचेत हैं और ये कठपुतली बन के रह गए है उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गृह विभाग अपने पास रखते, लेकिन BJP को देना पड़ा। CM इतना मजबूर हैं। बिहार सरकार गुंडों की तरह हरकत कर रही है।
Bihar crimes against women: सरकार का पलटवार
राष्ट्रीय जनता दल की ओर से जारी महिला अपराधों की लिस्ट और तेजस्वी यादव के आरोप पर जनता दल (यूनाइटेड) ने पलटवार किया। राज्य सरकार की ओर से सभी घटनाओं को लेकर हुई कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी और बाल सुधार गृह भेजे जाने के सभी विवरण सार्वजनिक किए गए। बिहार सरकार ने हर मामले में त्वरित एक्शन का दावा करते हुए कहा है कि कानून अपना काम कर रहा है।
