Bihar crime: बिहार के हाजीपुर से एक ह्रदय विदारक घटना सामने आई है, जहाँ सोशल मीडिया पर रील बनाना एक महिला के लिए जानलेवा साबित हुआ. शहर के पातेपुर थाना क्षेत्र के नीरपुर गांव में अंजली चौधरी (32) की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. कथित रूप से उसके पति कुंदन साह ने ही विवाद के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साह को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है.

हत्या से 24 घंटे पहले अंजली ने किया था भावुक वीडियो पोस्ट
पुलिस की मानें तो मृतका अंजली चौधरी मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर के पूसा की रहने वाली थी. उसने पांच वर्ष पहले कुंदन साह से प्रेम विवाह किया था. पुलिस ने बताया कि यह उसकी दूसरी शादी थी. करीब 12 साल पहले उसकी पहली शादी हुई थी, जिससे उसे दो बेटे हैं.
पुलिस ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि हत्या से लगभग 24 घंटे पहले अंजली ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह रोती हुई नजर आ रही थी और उसने अपने पति पर कई गंभीर आरोप लगाए थे. उसने साह के साथ अपने प्रेम विवाह को अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती भी बताया था.
मृतका के परिजनों का आरोप- “ससुराल पक्ष भी शामिल”
मृतका अंजली के परिजनों ने घटना के बाद आरोप लगाया है कि अंजली की हत्या में उसके पति के साथ ससुराल के अन्य सदस्य भी शामिल हो सकते हैं. घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक प्लास्टिक की रस्सी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है.
पातेपुर थाना पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही स्थान पर पहुँच कर शव को कब्जे में लिया, और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर सारे आवश्यक साक्ष्य जुटाए.
बेटा बोला, पिता ने ही गला दबाया
अंजली के बेटे ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता के बीच अक्सर झगड़े होते थे और उसके पिता ने ही रस्सी से गला दबाकर उसकी मां की हत्या की. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और विवेचना अधिकारियों ने कहा कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की सुनिश्चित की जाएगी.
