Bihar Assembly bomb threat: बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। शुक्रवार को विधानसभा सचिवालय को ईमेल के जरिए धमकी भरा संदेश मिला, जिससे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, पूरे परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
विधानसभा में बम!
जानकारी के अनुसार, विधानसभा सचिवालय को मिले E-Mail में इमारत को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस घटना की पुष्टि करते हुए पटना के SSP कार्तिकेय शर्मा ने बतया कि ईमेल के जरिए धमकी मिली है। इस मामले की जांच चल रही है और एहतियाती कदम के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

विधानसभा अध्यक्ष ने बुलाई बैठक
धमकी की जानकारी मिलते ही, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार तुरंत एक्शन मोड में आ गए। उन्होंने तुरंत सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक आपात बैठक बुलाई। अध्यक्ष ने प्रभारी सचिव, ख्याति सिंह को निर्देश दिया कि वे प्रदेश के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (DGP) से संपर्क करें, ताकि सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
Bihar Assembly bomb threat: चप्पे-चप्पे की तलाशी
धमकी मिलने के बाद, पुलिसकर्मी, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें विधानसभा पहुंची। परिसर के चप्पे-चप्पे में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। विधानसभा में प्रवेश करने वाले या बाहर निकलने वाले व्यक्ति और वाहन की कड़ी जांच की जा रही है। सचिवालय के गेटों पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।

जांच में लगी टीमें
पुलिस अब धमकी भरे EMail के IP एड्रेस और उसके स्रोत का पता लगाने में सक्रिय रूप से जुटी हुई है। साइबर विशेषज्ञ Mail के मूल की जांच कर रहे हैं और भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि यह शायद किसी की शरारत है। फिर भी, सुरक्षा के दृष्टिकोण से, किसी भी खुफिया जानकारी को हल्के में नहीं लिया जा रहा।
