बहला-फुसलाकर ले गया आरोपी
पीड़ित लड़की की हालत बनी हुई गंभीर है और वह बेतिया के GMCH हॉस्पिटल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है। यह पूरी घटना धनहा थाना इलाके की है। आरोपी की पहचान लव कुश घाट कॉलोनी के रहने वाले 32 साल के गोपाल राम के तौर पर हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना से पहले आरोपी उत्तर प्रदेश के बंशी गया था, जहां खूब शराब पी। गांव लौटने पर उसने देखा कि पड़ोसी के घर से बारात निकलने वाली है। इसी दौरान उसकी नजर वहां खेल रही 6 साल की मासूम बच्ची पर पड़ी। वह उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ सुनसान जगह ले गया।

खून से लथपथ मिली बच्ची
जब बच्ची देर शाम तक घर नहीं आई तो परिवार ने ढ़ूंढ़ा। गांव वालों ने पूरी रात बच्ची को खेत-खलिहानों में ढूंढा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। अगली सुबह, बच्ची खून से लथपथ और अर्धनग्न हालत में पड़ोस के गांव के एक ग्रामीण के दरवाजे पर पहुंची। लड़की को उस वक्त इंटरनल ब्लीडिंग हो रही थी। ग्रामीण ने तुरंत बच्ची के घरवालों को बताया।
बच्ची के परिजन वहां पहुंचे और फिर उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉक्टरों ने बच्ची की जांच की, तो वे हैरान रह गए। यौन उत्पीड़न की पुष्टि होने के बाद, उसे बेतिया रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
Bihar 6-year-old girl Rape: फांसी की मांग
पीड़ित बच्ची के दादा ने रोते हुए बताया कि आरोपी एक रिश्तेदार का बेटा है और अक्सर घर आता रहता था। इस दौरान वह बच्ची के साथ खेलता भी था। गुस्से में दादा ने कहा, ‘वह आवारा था, लेकिन मैंने नहीं सोचा था कि वह अपनी ही बहन के साथ ऐसा करेगा। उसे फांसी मिलनी चाहिए। गांव वालों का कहना है कि वह मासूम लड़की को बारात की भीड़-भाड़ के बीच बहला-फुसलाकर ले गया, और किसी को कानों-कान खबर तक नहीं हुई।
नेपाल भाग गया आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गोपाल राम फरार हो गया। पुलिस ने जब उसके घर पर छापा मारा तो वह वहां नहीं था। बगहा SP ने बताया कि इस बात की पूरी संभावना है कि आरोपी नेपाल भाग गया है। पुलिस आरोपी का पता लगाने के लिए बॉर्डर पर लगे CCTV फुटेज की जांच कर रही है।
