बिग बॉस 18 में इस हफ्ते के वीकेंड का वार में कुछ बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। जहां आमतौर पर सलमान खान इस शो को होस्ट करते हैं, वहीं इस बार उनकी जगह फराह खान शो की होस्ट बनेंगी। फराह खान इससे पहले भी कई बार सलमान की गैरहाजिरी में बिग बॉस के वीकेंड का वार को होस्ट कर चुकी हैं, लेकिन बिग बॉस 18 के मंच पर यह उनका पहला मौका होगा।
इस एपिसोड में फराह खान, करणवीर मेहरा को टार्गेट करने वाले घरवालों की क्लास लगाते हुए नजर आएंगी। फराह, करणवीर मेहरा पर हो रहे हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजिंदर बग्गा से एक सवाल करेंगी, जिसमें वह बग्गा से कहेंगी कि अगर करण ने किसी अन्य सदस्य पर भी ऐसे कमेंट किए होते, तो पूरा घर उन पर आकर टूट पड़ता।
इसके बाद फराह खान ने एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “मैंने पिछली बार बिग बॉस के घर में एक कंटेस्टेंट को इसी तरह टार्गेट होते हुए देखा था, वह थे सिद्धार्थ शुक्ला। और उन्होंने वह शो जीतकर दिखाया।” फराह का यह बयान करणवीर मेहरा को लेकर हो रहे हमलों के संदर्भ में था, जहां वह घरवालों पर तंज कसते हुए कहती हैं कि वे करणवीर से इतनी अधिक ऑब्सेस्ड हैं कि यह अब करणवीर मेहरा शो बन गया है।
साथ ही, फराह खान घरवालों पर तंज कसते हुए यह भी कहेंगी कि अगर यह सब कुछ सिद्धार्थ शुक्ला के समय हुआ होता, तो वह बहुत मजबूत तरीके से प्रतिक्रिया देते हुए शो जीत जाते।
बिग बॉस 18 के घर में करणवीर मेहरा को लगातार टार्गेट किया जा रहा है, खासकर ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा की ओर से। इसके साथ ही शिल्पा शिरोडकर भी कभी-कभी करणवीर को अकेला छोड़कर अन्य सदस्य जैसे विवियन डीसेना और ईशा का साथ देती दिख रही हैं। सूत्रों की मानें तो फराह खान शिल्पा शिरोडकर की भी क्लास लगाने वाली हैं, क्योंकि उन्होंने कभी भी करणवीर का सही साथ नहीं दिया।
इस बदलाव के साथ बिग बॉस 18 का यह वीकेंड का वार काफी दिलचस्प होने वाला है।
