227 करोड़ की खरीदी गई धान,किसानों को सिर्फ 9 करोड़ का भुगतान

Dhan Kharidi Scam: जबलपुर के किसान धान खरीदी में बड़ी लापरवाही सामने आई है. यहां कई केंद्रों से कुल 227 करोड़ रुपये की धान खरीदी गई. लेकिन, केवल 9 करोड़ 80 लाख रुपये ही किसानों को भुगतान हो पाया हैं.
Dhan Kharidi Scam:धान खरीद में बड़ी लापरवाही!
मध्य प्रदेश के जबलपुर में किसान परेशानी में हैं. धान खरीदी होने के बाद भी उनके चेहरे पर उदासी नजर आ रही है. जिले के उपार्जन केंद्रों पर किसान को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अपनी उपज को बेचना और समय पर भुगतान पाना कठिन बनता जा रहा है. दो दिसंबर से शुरू हुई धान खरीदी में जबलपुर में अब तक 11 हजार किसानों से नौ लाख 90 हजार क्विंटल धान खरीदी की हैं. जिसके महज नौ करोड़ 80 लाख रुपये ही किसानों को भुगतान हो पाया है और लगभग 218 करोड़ रुपये की राशि बकाया है.
Dhan Kharidi Scam:227 करोड़ की खरीद,भुगतान 9 करोड़
जबलपुर में वेयरहाउस मालिकों व प्रशासन की लड़ाई में धान खरीदी सुचारू रूप से नहीं होने के कारण किसान परेशान है. धान खरीदी केंद्रों से धान का परिवहन और वेयरहाउस में रखने की धीमी गति के कारण धान का भुगतान नहीं हो पा रहा है. नियमानुसार, वेयरहाउस में निर्धारित मात्रा का स्टेक पूर्ण होने के बाद ही टीपी काटी जाती है और उसके बाद किसान को भुगतान किये जाने की प्रक्रिया प्रारंभ होती है. किसानों का कहना है कि परिवहन व वेयरहाउस में रखे जाने की प्रक्रिया में प्रशासन व वेयरहाउस मालिकों में सामंजस्य न होने का खामियाजा किसान भुगतने को मजबूर है.
Dhan Kharidi Scam: चिंता की कोई बात नहीं-कलेक्टर
जिला कलेक्टर दीपक सक्सेना का कहना है कि चिंता की कोई बात नहीं है. यह जरूर है कि जबलपुर और बालाघाट में भुगतान में कुछ विलंब हुआ है क्योंकि धान खरीद एजेंसी के बदले जाने के कारण केंद्र सरकार के पोर्टल से जो भुगतान सीधे किया जाता है, उसमें बैंक अकाउंट बदले गए, हस्ताक्षर करने वाले अधिकारी बदले गए. इस कारण कुछ विलंब हुआ. लेकिन, अब भुगतान प्रक्रिया सामान्य हो गई है और जल्द ही बैकलॉग भी पूरा कर लिया जाएगा.
