bhopal hospital violence: भोपाल में एक निजी अस्पताल के बाहर बुधवार को अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया. पटेल नगर स्थित लक्ष्मी हॉस्पिटल में भर्ती एक युवक की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि भीड़ ने पुलिस पर पत्थर फेंक दिए और कुछ वाहनों में तोड़फोड़ भी कर दी.इस दौरान तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने मौके से आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की बात कही जा रही है।

bhopal hospital violence: युवक की मौत के बाद भड़के परिजन
जानकारी के मुताबिक मृतक युवक लक्ष्मण बंशकार आदमपुर छावनी का रहने वाला था और मजदूरी करता था। परिवार के लोगों ने बताया कि उसे चक्कर आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था.परिजनों का आरोप है कि साधारण समस्या होने के बावजूद युवक को सीधे आईसीयू में भर्ती कर लिया गया। इलाज कैसे हुआ, किस डॉक्टर ने किया इसकी जानकारी भी अस्पताल प्रबंधन ठीक से नहीं दे रहा था.आखिरी समय में परिवार के किसी सदस्य को मरीज से मिलने नहीं दिया गया। इसी बात को लेकर परिजनों को अस्पताल की नीयत पर शक हुआ और स्टाफ से कहासुनी हो गई।
bhopal hospital violence: तीन पुलिसकर्मी घायल, सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत करने की कोशिश की। लेकिन इसी दौरान भीड़ और उग्र हो गई.लोगों ने पुलिस पर तीन तरफ से पथराव शुरू कर दिया। इसमें करीब 50 से अधिक लोग शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें कुछ महिलाएं भी थीं.पथराव में आरक्षक हेमंत और प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र को कान में चोट लगी, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी को भी हल्की चोट आई। गोविंदपुरा थाना प्रभारी की सरकारी बोलेरो का कांच भी टूट गया और पुलिस के एक अन्य वाहन को नुकसान पहुंचा।
