Bhopal crime news: भोपाल की निशातपुरा पुलिस ने शनिवार को ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के आरोप में रेलवे के बर्खास्त कर्मचारी राजेश तिवारी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, तिवारी के कब्ज़े से 2 ग्राम MD ड्रग और अवैध फायर आर्म भी बरामद हुए हैं.
शाहज़ेब खान ने दिया था थाने में आवेदन, 3 लाख रुपये की मांग कर रहा था तिवारी
निशातपुरा पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि यह कार्यवाही असलम चमड़ा के करीबी शाहजेब खान उर्फ जिब्बी की शिकायत पर की गई. शाहजेब ने फरवरी 26, 2026 को निशातपुरा थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि राजेश तिवारी सोशल मीडिया पर उन्हें गोमांस तस्कर और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा बताकर बदनाम करने की कोशिश कर रहा है.
शिकायत में खान ने यह भी लिखा कि तिवारी उसको बदनाम न करने के एवज में 3 लाख रुपये मांग रहा था. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सुनियोजित तरीके से डील की रकम देने के लिए राजेश को खान के माध्यम से निशातपुरा क्षेत्र में बुलाया, जहां उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया.
तिवारी खुद को बताता था सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर
सूत्रों की मानें तो तिवारी खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताता था और कई कथित गिरोहों को एक्सपोज करने का दावा करता था. उसके कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें वह कथित डीलिंग की बात करता दिख रहा है.
पूर्व में भी तिवारी के खिलाफ एक महिला कर्मचारी से दुष्कर्म के आरोप लग चुके हैं, और उसके ऊपर हत्या की कोशिश का मामला भी दर्ज है.
मछली काण्ड के दौरान भी तिवारी रहा चर्चा में

बताते चलें कि अगस्त 2025 में मछली गैंग के खिलाफ प्रशासन की बुल्डोजर कार्रवाई के दौरान भी राजेश तिवारी चर्चा में आया था. उस समय वह तिरंगा लेकर कार्रवाई के समर्थन में मौजूद था और मीडिया से बातचीत में खुद के साथ किये जाने वाले उत्पीड़न की बात कही थी. हालांकि बाद में पुलिस जांच में उसके आरोपों के ठोस प्रमाण नहीं मिले थे. फिलहाल पुलिस ने तिवारी को न्यायालय में पेश कर दिया है.
