Parvati Gufa Temple Bhojpur: भोजपुर में बेतवा नदी के किनारे स्थित माता पार्वती का गुफा मंदिर प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक महत्व का संगम है। यह मंदिर एक प्राकृतिक गुफा में स्थित है, जो पानी के कटाव से निर्मित हुई है। गुफा के मुख में माता पार्वती की दिव्य प्रतिमा स्थापित है, जो भक्तों के लिए श्रद्धा और शांति का केंद्र बन चुकी है।
छह गुफाओं का समूह, नव निर्माण पिछले 50 वर्षों में…
यहां कुल छह गुफाएं हैं, जिनमें से वर्तमान स्वरूप का नव निर्माण पिछले लगभग 50 वर्षों में किया गया है। मंदिर के महंत बाबू भारती के अनुसार, यह गुफा 1965 में भोजपुर डैम खाली होने के बाद अस्तित्व में आई थी। इससे पहले यह पूरा क्षेत्र वीरान और निर्जन था।

नवरात्रों में संतान की कामना से पहुंचते हैं दंपत्ति…
माता पार्वती के इस गुफा मंदिर में नवरात्रों के दौरान बड़ी संख्या में दंपत्ति संतान प्राप्ति की कामना लेकर आते हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मन्नत अवश्य पूरी होती है।

शिव मंदिर के दर्शन के बाद भक्त माता पार्वती के दर्शन को अनिवार्य मानते हैं, क्योंकि कहा जाता है कि माता के दर्शन के बिना शिव दर्शन अधूरे हैं।
प्राकृतिक गुफा में शिवलिंग, गणेश और कार्तिकेय की भी मूर्तियां…
गुफा में माता पार्वती की प्रतिमा के साथ भगवान शिव का शिवलिंग, श्री गणेश और कार्तिकेय की मूर्तियां भी स्थापित हैं। यह स्थान तपस्थली और ध्यान का आदर्श केंद्र माना जाता है। भक्तों का मानना है कि यहां किए गए ध्यान से मन एकाग्र होता है और तप का फल कई गुना बढ़ जाता है।

अब संरक्षित स्थल, पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र
आज यह गुफा मंदिर पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित है। पर्यटन विकास के तहत इसे सुरक्षित और सुगम बनाया गया है। यहां आने वाले श्रद्धालु कुछ समय बैठकर शांति और आत्मिक ऊर्जा का अनुभव करते हैं।
नवविवाहित जोड़े माता पार्वती से सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करते हैं।

