Bhilwara gold theft arrest: राजस्थान में भीलवाड़ा पुलिस ने एक महिला चोर गिरोह को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह मध्य प्रदेश से चोरी करने के लिए राजस्थान आता था। महिलाएं ज्वेलरी चोरी करने के बाद उसे निगल जाती थीं। पुलिस कर्मियों ने 7 महिलाओं को गिरफ्तार कर मेडिकल करवाया तो वे चौंक गए। एक्स-रे के दौरान एक महिला के पेट में मंगलसूत्र और सोने के मोती मिले, जिसे बाद में उन्हें डॉक्टरों ने बाहर निकाला।

चारभुजा मंदिर में की चोरी
आरोपियों में शानू (31), व्रतिका (20), बरजी बाई (52), बसंती (60), मैना (28), पायल (20) और सपना (32) शामिल है। ये सभी MP के नीमच जिले के अलग-अलग गांवों की रहने वाली हैं। कोटड़ी थानाधिकारी महावीर मीणा ने बताया कि शीतला सप्तमी के दिन कोटड़ी के चारभुजा मंदिर में रंगोत्सव कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भीड़ का फायदा उठाकर चोर महिलाएं भी वहां पहुंच गई और महिलाओं के गले से सोने के जेवरात चोरी कर लिए।

Bhilwara gold theft arrest: 7 महिलाएं गिरफ्तार
थानाधिकारी ने बताया कि शिकायत दर्ज करने के बाद CCTV खंगाले गए। जांच में पता चला कि ये गिरोह प्रदेश के बाहर का है। बुधवार रात में गश्त के दौरान टीम को 7 महिलाएं एक कार में घूमती नजर आईं। महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उन्होंने चोरी की बात कबूल की। इसके बाद सभी को गिरफ्तार किया गया।
