Bharatpur blind murder: राजस्थान के भरतपुर जिले की पुलिस ने एक अंधे क़त्ल का गुरुवार को खुलासा किया है। बयाना क्षेत्र के एक गांव में खेत से बरामद शव ने हत्या की ऐसी साजिश से पर्दा उठाया, जिसमें प्रेम, धोखा और पैसों का खतरनाक मेल सामने आया है।
खेत में दबा मिला था शव, मचा हड़कंप
बयाना के नंगला सुल्तान गांव में मंगलवार शाम खेत में जमीन के अंदर दबा युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, मृतक कई दिनों से लापता था, जिससे परिजन पहले ही चिंतित थे। शव मिलने के बाद पुलिस मामले की विवेचना में तेज़ी लेकर आई।

प्रेमिका ने रची थी हत्या की साजिश
सदर बयाना थाना प्रभारी शैलेन्द्र ने बताया कि 13-14 मार्च की दरमियानी रात गांव की निवासी प्रियंका (30) ने अपने प्रेमी भूपेन्द्र को मिलने के लिए बुलाया। पहले से मौजूद रमाकांत नामक युवक ने भूपेन्द्र को शराब पिलाई। जब वह पूरी तरह नशे में धुत हो गया, तब प्रियंका और उसके साथियों ने मिलकर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
शव छिपाने के लिए खेत में दफनाया
पुलिस ने आगे बताया कि हत्या के बाद आरोपियों ने जल्दबाजी में प्रियंका के ही खेत में गड्ढा खोदकर शव को दबा दिया और ऊपर से बिटौरा रखकर सबूत मिटाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस जांच में यह साजिश ज्यादा देर तक छिप नहीं सकी।
कॉल डिटेल से खुला राज, प्रियंका ने कबूला जुर्म
पुलिस ने मृतक और प्रियंका के बीच लगातार हो रही बातचीत के आधार पर कॉल डिटेल खंगाली। पूछताछ में प्रियंका पहले पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने के बाद उसने पूरी साजिश कबूल कर ली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पैसों का लेनदेन उभरा पहली वजह के रूप में
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक भूपेन्द्र ने हाल ही में प्रियंका के यूपीआई खाते में 18 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे। इससे यह स्पष्ट हुआ कि हत्या के पीछे पैसों का विवाद भी एक अहम कारण हो सकता है।
बताया जा रहा है कि प्रियंका पहले से ही शादीशुदा है, और उसका पति रामकुमार जयपुर में मजदूरी करता है | उसे इस प्रेम संबंध की कोई जानकारी नहीं थी। वहीं, जवान बेटे की हत्या से मृतक के परिवार में गहरा आक्रोश और शोक का माहौल है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
