Bharat Coking Coal IPO: नई दिल्ली: भारत के प्राइमरी मार्केट में 2026 की शुरुआत एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड के साथ हुई है। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के आईपीओ ने निवेशकों की दिलचस्पी के सारे पुराने आंकड़े तोड़ दिए। इस इश्यू में करीब 90 लाख आवेदन आए, जो अब तक किसी भी PSU आईपीओ में सबसे ज्यादा माने जा रहे हैं। यही नहीं, यह साल 2026 का पहला मेन-बोर्ड आईपीओ भी रहा।
मार्केट जानकारों का कहना है कि इस जबरदस्त रिस्पॉन्स ने एक बार फिर पब्लिक सेक्टर कंपनियों को लेकर निवेशकों के भरोसे को मजबूत किया है।
Bharat Coking Coal IPO: 1.17 लाख करोड़ रुपये की बोलियां
BCCL के आईपीओ को कुल 1.17 लाख करोड़ रुपये की बोलियां मिलीं। इसके मुकाबले इश्यू साइज सिर्फ 1,300 करोड़ रुपये का था। यानी कुल मिलाकर यह इश्यू 146.87 गुना सब्सक्राइब हुआ। सब्सक्रिप्शन के लिहाज से यह दूसरा सबसे ज्यादा सब्सक्राइब होने वाला PSU आईपीओ बन गया है।
Bharat Coking Coal IPO: संस्थागत निवेशकों ने बढ़ाया जोश
इस आईपीओ में सबसे ज्यादा मांग क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) और हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल्स (HNI) की तरफ से देखने को मिली। QIB कैटेगरी में इश्यू 310.81 गुना, जबकि नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (HNI) के लिए यह 258.16 गुना सब्सक्राइब हुआ।
Also Read-वर्ल्ड हिजाब डे पोस्ट पर मेयर ममदानी घिरे: ईरान की महिलाओं से तुलना ने बढ़ाया विवाद
रिटेल निवेशकों की भी मजबूत भागीदारी
हालांकि बड़े निवेशकों का दबदबा रहा, लेकिन रिटेल निवेशकों ने भी पीछे नहीं हटे। रिटेल कैटेगरी में इश्यू 49.33 गुना सब्सक्राइब हुआ।
Coal India के शेयरधारकों के लिए आरक्षित कोटा 87.29 गुना और कर्मचारियों का हिस्सा 5.18 गुना सब्सक्राइब हुआ।
PSU IPOs में टॉप लिस्ट में शामिल
सब्सक्रिप्शन के आधार पर BCCL अब भारत के सबसे ज्यादा सब्सक्राइब हुए PSU आईपीओ की सूची में शामिल हो गया है।
इस सूची में पहले नंबर पर 2020 का Mazagon Dock Shipbuilders (157.41x), दूसरे स्थान पर Bharat Coking Coal (146.87x) और तीसरे पर IRCTC (111.91x) है।
आवेदनों की संख्या के लिहाज से भी BCCL ने नया रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड Waaree Energies के पास था, जिसे 2024 में 82.65 लाख आवेदन मिले थे।
लिस्टिंग और अलॉटमेंट की तारीखें
Bharat Coking Coal का यह 1,300 करोड़ रुपये का आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल था। इसमें प्रमोटर Coal India Ltd ने 46.57 करोड़ इक्विटी शेयर बेचे। इश्यू का प्राइस बैंड 21 से 23 रुपये तय किया गया था।
आईपीओ का अलॉटमेंट 14 जनवरी को संभावित है, जबकि निवेशकों के डिमैट अकाउंट में शेयर 15 जनवरी को क्रेडिट किए जाएंगे। कंपनी की लिस्टिंग 16 जनवरी को BSE और NSE पर होगी।
