Bhagwant Mann press conference: पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के चार साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार की उपलब्धियों का पूरा निचोड़ पेश किया। इस दौरान उन्होंने खेल, शिक्षा, रोजगार और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई बड़े ऐलान भी किए। सीएम मान बोले कि राज्य में युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर निवेश किया जा रहा है और इस साल हॉकी एशिया कप की मेजबानी भी पंजाब करेगा।

खेल और युवाओं के लिए हुआ बड़ा निवेश
चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री मान ने बताया कि पंजाब सरकार गांवों में खेल सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए ऐतिहासिक निवेश कर रही है। उन्होंने कहा कि लगभग 1,100 करोड़ रुपये की लागत से 3,000 आधुनिक खेल मैदान बनाए जा रहे हैं, जबकि 6,000 अन्य मैदानों पर जल्द काम शुरू होगा। इसके साथ ही युवाओं में फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए गांवों में 6,000 इनडोर जिम भी बनाए जा रहे हैं।
सीएम मान आगे बोले कि ओलंपिक पदक जीतने वाले पंजाबी हॉकी खिलाड़ियों को 1 करोड़ रुपये और सरकारी नौकरी दी जा रही है। वहीं, दूसरी ओर, महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 की विजेता टीम को 4.91 करोड़ रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया है।
Bhagwant Mann press conference: पंजाब करेगा हॉकी एशिया कप की मेजबानी
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि हॉकी एशिया कप की मेजबानी इस बार पंजाब को मिली है। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के मुकाबले जालंधर के बल्टन पार्क और मोहाली में आयोजित किए जाएंगे और अक्टूबर तक इसका आयोजन तय किया जाएगा।
महिला सशक्तिकरण और सामाजिक योजनाएं
सीएम मान ने कहा कि सरकार ने महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा पूरा किया है। उन्होंने बताया कि राज्य के 27,314 आंगनवाड़ी केंद्रों में अब तक 7.40 करोड़ से अधिक सैनिटरी पैड महिलाओं को मुफ्त में वितरित किए जा चुके हैं।
बुनियादी ढांचे और अन्य बड़े फैसले लिए गए
मुख्यमंत्री मान ने बताया कि अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाने के लिए जमीन की तलाश जारी है। इसके अलावा सरकार ने अब तक 19 टोल प्लाजा बंद किए हैं और तीन अन्य को भी जल्द हटाने की तैयारी है।
सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मालवा नहर परियोजना शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब सरकार बनी थी तब 21–22 प्रतिशत खेतों की सिंचाई नहरों से होती थी, जो अब बढ़कर 70 प्रतिशत से अधिक हो गई है।
राजनीतिक बयानबाजी भी तेज
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सीएम मान ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने भाजपा के पुराने वादों का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव के समय किए गए कई वादों को बाद में “जुमला” बताया गया।
