Bhagalpur NItish Kumar: राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद मंगलवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तहत भागलपुर के जगदीशपुर प्रखंड स्थित बैजानी पंचायत पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री नीतीश के आगमन को लेकर पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सभा स्थल में प्रवेश से पहले सभी लोगों की मेटल डिटेक्टर से सघन चेकिंग की जा रही थी।

करोड़ों की सौगात
भागलपुर में CM ने 271 करोड़ रु॰ की 56 योजनाओं का शिलान्यास और 171 करोड़ रु॰ की 88 योजनाओं का उद्घाटन किया। जिले में भ्रमण के दौरान भागलपुर-बॉसी रेलवे लाइन ROB के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। जगदीशपुर प्रखंड के बैजानी पंचायत में मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और पंचायत सरकार भवन का भी निरीक्षण किया।
वहीं बांका में 591 करोड़ रु॰ की 219 योजनाओं का शिलान्यास और 118 करोड़ रु॰ की 278 योजनाओं का उद्घाटन किया। जिले में भ्रमण के दौरान नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कटोरिया का लोकार्पण तथा विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।

सरकारी योजनाओं का जायजा
कार्यक्रम में जीविका दीदियों के साथ हजारों की संख्या में महिलाओं की भारी मौजूदगी रही, जिससे पूरा माहौल उत्साह से भर गया। मुख्यमंत्री नीतीश सबसे पहले हवाई अड्डा पहुंचे, इसके बाद उन्होंने बौसी रेलवे अंडरपास का निरीक्षण किया। फिर बैजानी पंचायत पहुंचकर मुख्यमंत्री नीतीश ने कन्या विवाह योजना के तहत विवाह मंडप का शिलान्यास किया और विभिन्न सरकारी योजनाओं का जायजा लिया।
Bhagalpur NItish Kumar: 88 योजनाओं का उद्घाटन
इसके बाद CM सभास्थल पहुंचे, जहां उन्होंने प्रगति यात्रा के संकल्प का अवलोकन किया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का निरीक्षण करते हुए CM ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान CM नीतीश ने वरीय पदाधिकारियों के साथ जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की और आम लोगों से संवाद किया। इस मौके पर भागलपुर को बड़ी सौगात देते हुए उन्होंने कुल 171 करोड़ रुपये की लागत से 88 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
