भारत से 2 लाख टन चावल खरीदने का फैसला
भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ते तनाव के बावजूद व्यापार जारी। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने भारत से चावल का आयात करना शुरू कर दिया है। बांग्लादेश ने भारत से 2 लाख टन चावल खरीदने का फैसला किया है। शुक्रवार को 27,000 टन चावल की पहली खेप बांग्लादेश के चटगांव पहुंची।
बांग्लादेश के एक खाद्य अधिकारी ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि बांग्लादेश में फिलहाल चावल की कोई कमी नहीं है। हालांकि, मौजूदा गंभीर बाढ़ के कारण, सरकार ने भविष्य के संकट से बचने के लिए चावल आयात करने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा कि 2 लाख टन चावल के अलावा, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार निविदा के माध्यम से भारत से 1 लाख टन चावल का आयात करेगी।
जी2जी स्तर पर और अधिक चावल आयात करने की योजना
उन्होंने कहा, ‘निविदा के अलावा, हम सरकार से सरकार के स्तर पर भारत से अधिक चावल आयात करने की योजना बना रहे हैं। इसके अलावा बांग्लादेश सरकार ने अब तक भारत के निजी निर्यातकों से 16 लाख टन चावल आयात करने की अनुमति ली है।
उन्होंने कहा, ”हमने एक लाख टन चावल आयात करने के लिए म्यांमार के साथ जी2जी समझौते पर भी हस्ताक्षर किए हैं। साथ ही, हम वियतनाम और पाकिस्तान के साथ भी इस पर चर्चा कर रहे हैं। बांग्लादेश ने कीमतों को स्थिर रखने के लिए चावल के आयात पर सभी शुल्क हटा दिए हैं। भारत से बड़ी मात्रा में चावल का निर्यात निजी तौर पर शून्य आयात शुल्क के साथ किया जाता है।

भारत ने बांग्लादेश की नई सरकार के साथ काम करने की इच्छा भी जताई है। बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त प्रणय कुमार वर्मा ने हाल ही में कहा था, “5 अगस्त की उथल-पुथल के बाद भी, मुझे लगता है कि हमने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के साथ पूरी ईमानदारी से काम किया है।
