आरोपी आकाशदीप ने मास्टरमाइंड अनमोल से की बात
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। मुंबई क्राइम ब्रांच के मुताबिक, पंजाब के फाजिल्का से गिरफ्तार आकाशदीप गिल ने मास्टरमाइंड अनमोल बिश्नोई और अन्य साजिशकर्ताओं से बात करने के लिए मजदूर के मोबाइल हॉटस्पॉट का इस्तेमाल किया।
पुलिस के मुताबिक आकाशदीप ने हमलावरों को हथियार और अन्य सुविधाएं मुहैया कराईं। पूछताछ में आकाशदीप ने बताया कि पुलिस से बचने के लिए उसने एक मजदूर का मोबाइल स्विच ऑन किया और अनमोल व अन्य से बात की।
इस बीच, अपराध शाखा ने शुक्रवार को मामले में 26वीं गिरफ्तारी की। महाराष्ट्र के अकोला जिले के अकोट तालुका के निवासी सुमित दिनकर वाघ को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, सुमित ने गुजरात के आणंद जिले में कर्नाटक बैंक की पेटलाद शाखा के खाते से आरोपी गुरमेल सिंह के भाई नरेश कुमार, आरोपी रूपेश मोहोल और हरिश्कुमार को पैसे ट्रांसफर किए।
क्राइम ब्रांच ने कहा कि उसने गिरफ्तार आरोपी सलमान वोरा के नाम पर एक सिम का उपयोग करके ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए थे। फरार आरोपी शुभम लोनकर के इशारे पर यह राशि हस्तांतरित की गई।
सिद्दीकी की 12 अक्टूबर की रात बांद्रा पूर्व इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह अपने बेटे विधायक जीशान के कार्यालय के बाहर अपनी कार में बैठने जा रहे थे, जब बाइक सवार हमलावरों ने उन पर गोलियां चलाईं। रात करीब 11.30 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
