Badminton Asia Championships 2026: भारतीय शटलर आयुष शेट्टी को ची के झेजियांग में खेले गए बैडमिंटन एशियन चैंपियनशिप के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। दुनिया के नंबर-2 खिलाड़ी शी यू की ने 20 साल के आयुष को 8-21, 10-21 से हराकर खिताब पर कब्जा कर लिया। आयुष को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
60 साल बाद पुरुष एकल फाइनल में पहुंचा भारतीय
आयुष शेट्टी ने 60 साल बाद भारत को बैडमिंटन एशियन चैंपियनशिप के पुरुष एकल फाइनल में जगह दिलाई। उनसे पहले आखिरी बार दिनेश खन्ना ने 1965 में इस टूर्नामेंट के पुरुष एकल में गोल्ड मेडल जीता था।
सिल्वर जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष शटलर
इस हार के बावजूद आयुष ने इतिहास रच दिया। वे बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष शटलर बन गए। 1965 में दिनेश खन्ना के गोल्ड के बाद फाइनल तक पहुंचने वाले वे पहले भारतीय खिलाड़ी हैं।

टूर्नामेंट में भारत का 19वां मेडल
1962 से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में यह भारत का कुल 19वां मेडल है। भारत ने अब तक 2 गोल्ड, 1 सिल्वर (आयुष शेट्टी) और 16 ब्रॉन्ज मेडल हासिल किए हैं। गोल्ड मेडल 1965 में दिनेश खन्ना (सिंगल्स) और 2023 में सात्विक-चिराग की जोड़ी (डबल्स) ने जीते थे।
सेमीफाइनल में वर्ल्ड नंबर-1 को हराया
आयुष का पूरा टूर्नामेंट शानदार रहा। उन्होंने विश्व रैंकिंग में नंबर-1, नंबर-4 और नंबर-7 खिलाड़ियों को हराया। सेमीफाइनल में वर्ल्ड नंबर-25 आयुष ने डिफेंडिंग चैंपियन और वर्ल्ड नंबर-1 कुनलावत वितिदसर्न को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। इस उपलब्धि के साथ आयुष शेट्टी ने न सिर्फ अपना करियर संवार दिया है, बल्कि भारतीय बैडमिंटन को नई ऊंचाई भी दी है।
