गुस्साए लोगों ने दिल्ली-अजमेर हाईवे जाम किया
जयपुर के एक मंदिर में गुरुवार रात जागरण के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े 10 लोगों पर चाकुओं से हमला कर दिया गया। घायलों को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुस्साई भीड़ ने दिल्ली-अजमेर हाईवे जाम कर दिया। पुलिस ने बात की और रात करीब डेढ़ बजे जाम हटाया।
पुलिस के मुताबिक, इलाके के मंदिर में गुरुवार रात 9 बजे शरद पूर्णिमा के मौके पर जागरण कार्यक्रम था। इसके बाद प्रसाद खीर का वितरण किया जा रहा था। इसी बीच पड़ोस में रहने वाले दो लोगों ने कार्यक्रम का विरोध किया और उन पर चाकू से हमला कर दिया।
रात करीब दो बजे तक करणी विहार थाने के बाहर भीड़ जमा थी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बातचीत से मामला शांत हो गया। लोगों ने कहा कि हमारा शांतिपूर्ण कार्यक्रम चल रहा था। जानबूझ कर माहौल खराब किया और छुरा घोंपने की घटना हुई। रात में ही मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। हमलावर नसीब चौधरी और उसके बेटे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस बीच, अन्य हमलावरों की तलाश जारी है।
हमलावरों ने लोगों के पेट और छाती पर चाकुओं से हमला किया। घायलों में शंकर बागरा, मुरारीलाल, राम पारिख, लाखन सिंह जादून, पुष्पेंद्र और दिनेश शर्मा व अन्य का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
