देश की सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है. असम के सोनितपुर जिले में पुलिस ने भारतीय वायुसेना के एक सेवानिवृत्त अधिकारी को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों के संपर्क में रहकर संवेदनशील सैन्य जानकारियां साझा करने का आरोप है। गिरफ्तार कुलेंद्र शर्मा पहले तेजपुर वायुसेना स्टेशन पर तैनात रह चुका है।
Read More:-बांग्लादेश में हसीना विरोधी नेता पर जानलेवा हमला: उस्मान हादी के सिर में गोली, हालत नाज़ुक

सोशल मीडिया बना जासूसी का जरिया
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कुलेंद्र शर्मा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स से संपर्क में था। वह सेना से जुड़े इनपुट, लोकेशन और अन्य रणनीतिक जानकारियां साझा कर रहा था। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन और लैपटॉप से कई संदिग्ध फाइलें और चैट्स बरामद हुई हैं, पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तारी से पहले कुछ डिजिटल डेटा डिलीट किया गया, जिसकी फोरेंसिक जांच की जा रही है । सोनितपुर के डीएसपी हरिचरण भूमिज ने कहा कि पाकिस्तान से आरोपी के संपर्क को लेकर संदेह काफी पुख्ता है और मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है।
तेजपुर एयरबेस से जुड़ा रहा है आरोपी
सेवानिवृत्ति से पहले कुलेंद्र शर्मा तेजपुर वायुसेना स्टेशन पर जूनियर वारंट ऑफिसर के पद पर तैनात था। यह वही एयरबेस है, जहां सुखोई-30 जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमान तैनात रहते हैं। कुलेंद्र 2002 में रिटायर हुआ था इसके बाद उसने कुछ समय तक तेजपुर विश्वविद्यालय में भी काम किया था। सुरक्षा एजेंसियां अब यह जांच कर रही हैं कि रिटायरमेंट के बाद भी उसे किन-किन जानकारियों तक पहुंच थी।
अरुणाचल प्रदेश में भी जासूसी नेटवर्क
इसी बीच, अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में दो और संदिग्धों को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। ये गिरफ्तारियां पश्चिम सियांग जिले के आलो और चांगलांग जिले के मियाओ से हुई हैं। इनमें से 1 आरोपी की पहचान हिलाल अहमद (26) के रूप में हुई है, जो जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले का रहने वाला है दूसरे आरोपी की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।
व्यापार मेले की आड़ में पहुंचा था हिलाल
पुलिस के मुताबिक, हिलाल 25 नवंबर को पापुम पारे जिले से आलो पहुंचा था। उसने खुद को व्यापार मेले में कंबल बेचने वाला व्यापारी बताया था।खुफिया इनपुट मिलने के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए ईटानगर लाया गया।. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां अपने नेटवर्क को भेज रहा था।
