Asian Shooting Championship 2025: शिमकेंट, कजाकिस्तान में चल रही 16वीं एशियाई शूटिंग चैंपियनशिप में भारत ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा। ओलिंपियन अनीश भनवाला ने बुधवार को 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। इसके साथ ही भारत अब तक कुल 74 मेडल (39 गोल्ड, 18 सिल्वर, 17 ब्रॉन्ज) के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है।
Read More: R Ashwin IPL Retirement: R Ashwin ने IPL से लिया संन्यास, जानिए क्या है आगे का प्लान…
अनीश भनवाला की मुकाबले की कहानी…
22 साल के अनीश फाइनल में 35 का स्कोर बनाने में सफल रहे, लेकिन चीन के सू लियानबोफान ने 36 का स्कोर कर गोल्ड मेडल जीतते हुए वर्ल्ड जूनियर और एशियन चैंपियनशिप जूनियर रिकॉर्ड भी बनाया।
अनीश ने आदर्श सिंह और नीरज कुमार के साथ मिलकर टीम इवेंट में भी सिल्वर मेडल हासिल किया। टीम ने कुल 1738 अंक बनाए। आदर्श सिंह ने क्वालिफिकेशन में 585 अंक हासिल कर फाइनल में जगह बनाई, लेकिन फाइनल में पांचवें स्थान पर रहे। नीरज कुमार ने क्वालिफिकेशन में 570 अंक प्राप्त किए।

फाइनल के दौरान अनीश चौथी सीरीज तक बढ़त में थे, लेकिन पांचवीं सीरीज में सू ने परफेक्ट 5 शूट कर स्कोर बराबर कर लिया। इसके बाद अनीश ने कुछ निशाने चूके, जिससे सू को एक अंक की बढ़त मिल गई। अंतिम सीरीज में अनीश ने परफेक्ट 5 मारकर दबाव बनाया, लेकिन सू ने संयम बनाए रखा और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

जूनियर ट्रैप मिक्स्ड इवेंट में सिल्वर…
जूनियर मिक्स्ड टीम ट्रैप इवेंट में आर्यवंश त्यागी और भाव्या त्रिपाठी की जोड़ी को कजाकिस्तान की निकिता मोइसेयेव और एलेओनोरा इब्रागिमोवा से 37-38 के अंतर से हारकर सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
50 मीटर पिस्टल टीम में भारत का प्रदर्शन…
50 मीटर पिस्टल इवेंट में योगेश कुमार, अमनप्रीत सिंह और रविंदर सिंह ने सिल्वर मेडल दिलाया। योगेश ने 548, अमनप्रीत ने 543 और रविंदर ने 542 अंक बनाए।
वहीं 50 मीटर पिस्टल जूनियर टीम ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। टीम में अभिनव चौधरी (541), उमेश चौधरी (529) और मुकेश नेलावली (523) शामिल थे।
भारत का यह प्रदर्शन यह दर्शाता है कि युवा और अनुभवी शूटर मिलकर एशियाई शूटिंग में देश का नाम ऊँचा रख रहे हैं। आगामी मुकाबलों में भारत की टीम और भी पदक जीतने की उम्मीद रखती है।
