पूर्व भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने विजय हजारे ट्रॉफी में बड़ा मुकाम हासिल किया है। अर्जुन ने व्हाइट बॉल फॉर्मेट में 50 विकेट पूरे कर लिए हैं। गोवा के लिए खेलते हुए अर्जुन ओडिशा के खिलाफ दूसरे मुकाबले में इस उपलब्धि तक पहुंचे। उन्होंने इस मैच में 3 विकेट झटके।
अर्जुन तेंदुलकर का अब तक का प्रदर्शन
आईपीएल ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने अर्जुन को अपनी टीम में शामिल किया था। अर्जुन ने अब तक 41 व्हाइट बॉल मैचों में 51 विकेट लिए हैं। इनमें लिस्ट ए में 24 विकेट और टी20 में 27 विकेट शामिल हैं। हालांकि, आईपीएल में अर्जुन का प्रदर्शन औसत रहा है। उन्होंने 5 मैचों में 38 की औसत और 9.36 की इकॉनमी से 3 विकेट चटकाए हैं।
अर्जुन का क्रिकेट करियर
अर्जुन ने दिसंबर 2022 में राजस्थान के खिलाफ फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था और पहली पारी में 207 गेंदों पर 120 रन बनाए थे। उन्होंने 2018 में भारत के लिए अंडर-19 क्रिकेट में डेब्यू किया था। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अर्जुन ने 15 जनवरी 2021 को मुंबई के लिए अपना पहला मैच खेला था। आईपीएल 2023 में अर्जुन ने 16 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ डेब्यू किया और आईपीएल 2024 में भी मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे।
