नए वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत के साथ 1 अप्रैल से कई अहम नियम बदल गए हैं। इन बदलावों का असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी, खर्च और बचत पर सीधा पड़ेगा। गैस सिलेंडर से लेकर टैक्स और टोल तक कई क्षेत्रों में नए नियम लागू हुए हैं।
रसोई पर असर: कॉमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा
कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 218 रुपए तक की बढ़ोतरी हुई है।दिल्ली में इसकी कीमत 2078.50 रुपए और चेन्नई में 2246.50 रुपए पहुंच गई है।इसका असर होटल और रेस्टोरेंट के खर्च पर पड़ेगा, जिससे खाने-पीने की चीजें महंगी हो सकती हैं। हालांकि घरेलू गैस की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं हुआ है।
रेलवे रिफंड नियम सख्त
रेलवे ने टिकट कैंसिलेशन के नियमों को सख्त कर दिया है।अब ट्रेन छूटने से 8 घंटे पहले तक ही टिकट रद्द करने पर रिफंड मिलेगा।पहले यह सीमा 4 घंटे थी, जिससे अब यात्रियों को पहले निर्णय लेना जरूरी होगा।
FASTag और टोल के नए नियम
हाईवे पर सफर करने वालों के लिए भी बदलाव लागू हुए हैं।FASTag के एनुअल पास की कीमत में 2.5% की बढ़ोतरी की गई है।इसके साथ ही देशभर में टोल प्लाजा पर कैश पेमेंट पूरी तरह बंद कर दिया गया है। अब केवल डिजिटल भुगतान ही मान्य होगा।
गाड़ी खरीदना महंगा: बढ़ीं वाहन कीमतें
1 अप्रैल से कॉमर्शियल और पैसेंजर वाहनों की कीमतों में 2 से 3 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो गई है।
इसका असर नए वाहन खरीदने वाले ग्राहकों पर पड़ेगा, खासकर उन लोगों पर जिन्होंने मार्च तक बुकिंग नहीं करवाई।
टैक्स सिस्टम में बदलाव: आसान होगी प्रक्रिया
सरकार ने टैक्स सिस्टम को सरल बनाने के लिए बदलाव किए हैं।अब ‘Assessment Year’ की जगह ‘Tax Year’ शब्द लागू किया गया है।नई टैक्स रिजीम के तहत 12 लाख रुपए तक की आय पर छूट का प्रावधान है।साथ ही फॉर्म 16 की जगह नए फॉर्म 130 और 131 लागू किए गए हैं।
HRA और बैंकिंग नियम सख्त
HRA छूट के लिए अब रेंट रसीद देना अनिवार्य होगा।यदि सालाना किराया 1 लाख रुपए से ज्यादा है, तो मकान मालिक का PAN देना जरूरी है।बैंकिंग सेक्टर में बदलाव के तहत:पंजाब नेशनल बैंक ने ATM से कैश निकालने की सीमा घटा दी है।अब क्लासिक कार्ड से 25 हजार और प्लैटिनम कार्ड से 50 हजार रुपए ही निकाले जा सकेंगे।
निवेशकों के लिए झटका: बढ़ा STT और बदले SGB नियम
F&O ट्रेडिंग पर सिक्योरिटीज ट्रांजेक्शन टैक्स (STT) बढ़ा दिया गया है.इससे ट्रेडिंग की लागत बढ़ेगी और मुनाफा कम हो सकता है। सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड के नियमों में भी बदलाव किया गया है.अब केवल RBI से सीधे खरीदे गए बॉन्ड पर ही टैक्स छूट मिलेगी।
नौकरी और सैलरी: इनहैंड कम, फायदे ज्यादा
नए लेबर कोड के तहत अब बेसिक सैलरी CTC का कम से कम 50% होगी।इससे इनहैंड सैलरी कम हो सकती है, लेकिन PF और ग्रेच्युटी का लाभ बढ़ेगा।साथ ही नौकरी छोड़ने पर फुल एंड फाइनल सेटलमेंट अब 2 कार्य दिवस में करना अनिवार्य कर दिया गया है।
PAN कार्ड नियम बदले: आधार नहीं चलेगा
PAN कार्ड के लिए अब आधार कार्ड को जन्मतिथि प्रमाण के रूप में मान्य नहीं किया जाएगा।इसके लिए जन्म प्रमाण पत्र या 10वीं की मार्कशीट देना जरूरी होगा।
खर्च बढ़ेगा, नियम होंगे आसान
इन सभी बदलावों का असर सीधे आम लोगों की जेब पर पड़ेगा।जहां एक तरफ खर्च बढ़ने की संभावना है, वहीं दूसरी ओर कुछ नियमों से प्रक्रियाएं सरल और पारदर्शी बनने की उम्मीद है।
