उत्तराखंड के टिहरी में पिकअप खाई में गिरने से 8 की

टिहरी में खाई में गिरी पिकअप, 8 लोगों की मौत,पीएम मोदी और सीएम धामी ने जताया शोक

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई और 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना चंबा-कोटी मार्ग पर नैल गांव के पास हुई, जब एक पिकअप वाहन करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी यात्री हरिद्वार से एक परिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। हादसे के बाद वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन कर निकाले शव

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। रस्सियों की मदद से घायलों और शवों को खाई से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

मृतकों और घायलों की पहचान

प्रशासन के मुताबिक, मृतकों में आशा लाल (40), विजय लाल (36), प्रेम लाल (60), महावीर (60), शिव सिंह (35), सेहत लाल (65) और लक्ष्मण (33) शामिल हैं, जबकि एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।घायलों की पहचान अंकित (35) और उत्तम कुमार (30) के रूप में हुई है। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

कैसे हुआ हादसा

जिला प्रशासन के अनुसार, वाहन में चालक समेत कुल 11 लोग सवार थे। सभी घनसाली क्षेत्र के आसपास के गांवों के निवासी थे। बताया जा रहा है कि दोपहर में भोजन के बाद लौटते समय शाम करीब 4:15 बजे वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और खाई में जा गिरा।

पीएम मोदी और सीएम धामी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की है।वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने भी हादसे पर शोक जताया और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।