CM धामी ने किए सबसे बड़ा श्रीयंत्र के दर्शन, 1100 कन्याओं का किया पूजन
उत्तराखंड के अल्मोड़ा के डोल आश्रम में आयोजित पीठ स्थापना महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 1100 कन्याओं का पूजन किया और दुनिया के सबसे बड़े श्रीयंत्र के दर्शन किए। इस दौरान CM ने कहा कि यह स्थान श्रद्धालुओं को विशेष आध्यात्मिक अनुभूति देता है और अब विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है।
1100 कन्याओं का पूजन
मुख्यमंत्री धामी ने कार्यक्रम के दौरान 1100 कन्याओं का पूजन भी किया। इसके साथ ही माँ राजेश्वरी का अभिषेक और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। डोल आश्रम पहुंचने पर मुख्यमंत्री धामी ने परिसर में स्थापित श्रीयंत्र और वहां चल रही आध्यात्मिक गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यहां स्थापित दुनिया का सबसे बड़ा श्रीयंत्र श्रद्धालुओं को अद्भुत और विशेष आध्यात्मिक अनुभव करता है।
विश्व स्तर पर अलग पहचान
मुख्यमंत्री धामी ने बाबा कल्याणदास की तपस्या और साधना की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से यह स्थान आज विश्व स्तर पर अलग पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि आश्रम अब धार्मिक आस्था, आध्यात्मिक साधना और सांस्कृतिक चेतना का प्रमुख केंद्र बन चुका है। राज्य सरकार उत्तराखंड में आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है, जिससे राज्य में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।