चारधाम यात्रा के लिए व्यापक तैयारियां जारी, मंत्री सतपाल महाराज ने किया निरीक्षण
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने आज ऋषिकेश स्थित यात्रा ट्रांजिट कैंप कार्यालय परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।
मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन
निरीक्षण के दौरान महाराज ने पंजीकरण काउंटर, विश्राम गृह और यात्रियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से यात्रियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने को कहा। पर्यटन मंत्री ने बताया कि यात्रियों के पंजीकरण में किसी भी प्रकार की देरी या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ट्रांजिट कैंप में शुद्ध पेयजल और उचित सफाई व्यवस्था चौबीसों घंटे चालू रखने के निर्देश दिए है।
अधिकारियों की जिम्मेदारी तय
मंत्री ने अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को कोई असुविधा होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। बातचीत करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि देश-विदेश से आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को एक सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिले। हमने आज यहां व्यवस्थाओं को देखा है और अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अतिथि देवो भव की भावना के साथ कार्य करें।
यात्रियों से अपील
इस बार यात्रा के लिए रिकॉर्ड पंजीकरण की उम्मीद है, जिसे देखते हुए सरकार पूरी तरह तैयार हैं। महाराज ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे मौसम की जानकारी लेकर और अपना पंजीकरण करवाकर ही यात्रा शुरू करें ताकि मार्ग में उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।