सुनील शेट्टी ने की गंगा आरती, युवाओं को दिया संदेश
ऋषिकेश में गंगा तट स्थित परमार्थ निकेतन में आयोजित भव्य गंगा आरती में अभिनेता सुनील शेट्टी अपनी पत्नी माना शेट्टी के साथ शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के बीच उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने मां गंगा को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक बताते हुए युवाओं से सांस्कृतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
सुनील शेट्ठी ने की गंगा आरती
स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने आधुनिकता के साथ आध्यात्मिकता बनाए रखने, प्रकृति संरक्षण और संस्कारों के महत्व पर जोर दिया तथा गंगा स्वच्छता के लिए सामूहिक संकल्प लेने की प्रेरणा दी। सुनील शेट्टी ने कहा कि मां गंगा भारत की आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक विरासत और जीवनदायिनी शक्ति का प्रतीक हैं। परमार्थ गंगा तट पर सम्मिलित होना उनके लिए अत्यंत भावपूर्ण एवं प्रेरणादायक अनुभव है। उन्होंने भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त की।
युवाओं से अपील
उन्होंने कहा कि भारत की आध्यात्मिक परंपराएं संपूर्ण विश्व को शांति, संतुलन और सह-अस्तित्व का संदेश देती हैं। गंगा आरती जैसे आयोजन न केवल आस्था को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि समाज को अपनी जड़ों, मूल्यों और संस्कृति से जोड़ती है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपनी सांस्कृतिक धरोहर, नैतिक मूल्यों एवं आध्यात्मिक परंपराओं को जानें, समझें और उन्हें आगे बढ़ाने में योगदान दें। गंगा तट पर अनुभव होने वाली शांति, ऊर्जा और सकारात्मकता अद्वितीय है। यह अंतर्मन को स्पर्श करने वाला अनुभव है।