उत्तराखंड

मसूरी में पिक्चर पैलेस बैरियर पर हंगामा: पीआरडी जवान की अभद्रता से भड़के स्थानीय लोग

Mussoorie PRD Jawan: मसूरी के माल रोड पर स्थित पिक्चर पैलेस बैरियर पर 12 जून 2025 की देर शाम एक गंभीर घटना ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों के बीच हड़कंप मचा दिया। एक पीआरडी जवान द्वारा स्थानीय युवक के साथ अभद्रता और थप्पड़ मारने की घटना ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद बैरियर पर जमकर हंगामा हुआ। इस घटना ने नगर पालिका प्रशासन और पुलिस के खिलाफ लोगों का आक्रोश बढ़ा दिया, जिसके परिणामस्वरूप पिक्चर पैलेस चौक पर वाहनों की लंबी जाम लग गई।

PRD जवान पर भड़के लोग

देर शाम करीब 6 बजे, एक स्थानीय युवक माल रोड की ओर जा रहा था। पिक्चर पैलेस बैरियर पर तैनात पीआरडी जवान ने उसे रोका और कहा कि प्रतिबंधित समय में कोई वाहन माल रोड पर नहीं जा सकता। युवक ने नियम का पालन करते हुए वापस लौटने का फैसला किया। हालांकि, कुछ देर बाद उसी जवान ने नियमों का उल्लंघन करते हुए कुछ वाहनों को बिना रोकटोक के माल रोड पर जाने दिया। इस दोहरे रवैये का विरोध करने पर युवक और जवान के बीच बहस शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि जवान ने युवक को थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना ने स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़का दिया, और देखते ही देखते बैरियर पर भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय लोगों ने किया हंगामा

थप्पड़ की घटना के बाद स्थानीय लोग भड़क गए और उन्होंने नगर पालिका प्रशासन और पुलिस के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। भीड़ ने बैरियर पर जमकर हंगामा किया, जिसके कारण पिक्चर पैलेस चौक पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस जाम ने न केवल स्थानीय लोगों, बल्कि देश-विदेश से आए पर्यटकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पीआरडी जवान, जो उसी दिन बैरियर पर ड्यूटी पर आया था, सभी के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही और दोहरी नीति के कारण नियमित रूप से कुछ वाहनों को बैरियर से जाने दिया जाता है, जिसका वे विरोध करते हैं। [caption id="attachment_87319" align="alignnone" width="300"] पीड़ित देवेंद्र रागंड, स्थानीय निवासी[/caption]

Mussoorie PRD Jawan: नगर पालिका प्रशासन का जवाब

घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने पीआरडी जवान को तत्काल प्रभाव से बैरियर ड्यूटी से हटा दिया। सकलानी ने स्पष्ट किया कि स्थानीय लोगों या पर्यटकों के साथ किसी भी तरह की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी दोहराया कि माल रोड पर प्रतिबंधित समय में वाहनों की आवाजाही को रोकने के लिए सख्ती बरती जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए कदम उठाए जाएंगे। सुनील सोनकर की रिपोर्ट