हरिद्वार में बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी, 12 महिलाएं घायल
हरिद्वार में तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज की बस ने को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह पलट गई और 12 से ज्यादा महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा रुड़की की मंगलौर कोतवाली के पास हुआ। हादसे के बाद रोडवेज ड्राइवर बस लेकर फरार हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। लोगों की चीख-पुकार सुनकर राहगीर मदद के लिए दौड़े और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
बस ने मारी टक्कर
हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। मंगलौर हाईवे पर 2 ट्रॉलियां जा रही थीं और पीछे से हरियाणा रोडवेज बस आ रही थी। जैसे ही ट्रॉली कोतवाली के सामने पहुंची, तो बस ने पीछे से महिलाओं से भरी ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली ने आगे जा रही उपलों से भरी दूसरी ट्रॉली को टक्कर मार दी। घटना के बाद दोनों ट्रॉलियां पलट गईं। ड्राइवर मौके से बस लेकर फरार हो गया। उपले हाईवे पर बिखराव के कारण आधे घंटे तक जाम लग गया।जिससे यूपी, उत्तराखंड व हरियाणा की गाड़ियां फंस गईं।
12 महिलाएं घायल
इस दौरान पुलिस को सूचना दी गई और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि महिलाएं हरचंदपुर से मंगलौर की तरफ आ रही थीं। ट्रॉलियों में 15 महिलाओं सहित कई लोग सवार थे। घटना में 12 से ज्यादा महिलाएं गंभीर घायल हैं, जबकि बाकी लोगों को हल्की चोटें आई। अभी किसी की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलते ही आरोपी बस ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।