हमीरपुर में यमुना नदी में नाव पलट गई, जिसमें 8 बच्

हमीरपुर में यमुना नदी में नाव डूबी, 6 लोग डूबे, CM योगी बोले - लापरवाही बर्दाश्त नहीं

हमीरपुर में यमुना नदी में नाव डूबी

हमीरपुर में यमुना नदी में नाव पलट गई। नाव में 8 बच्चों समेत 9 लोग सवार थे। नाविक ने 3 बच्चों को बचा लिया, लेकिन एक महिला और 5 बच्चे यानी 6 लोग डूब गए। गुरुवार दोपहर तक 5 शव बरामद किए जा चुके हैं। बारिश के बीच 1 बच्चे की तलाश के लिए यमुना में रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। NDRF, फ्लड PAC के 100 जवानों की टीम रेस्क्यू में जुटी है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

अधिकारियों का कहना है कि नदी काफी गहरी होने की वजह से गोताखोरों को रेस्क्यू में दिक्कत आ रही है। इस वजह से नावों को गोल-गोल पानी में घुमाया जा रहा है, ताकि अगर कोई नीचे दबा हो तो पानी के प्रेशर से ऊपर आ जाए। टीम नदी में जाल डालकर लोगों को तलाशने की कोशिश करेगी।

‘साहब, मेरा बच्चा ले आइए’

डूबे बच्चों के परिवार के लोग घाट किनारे बैठे हुए हैं। 1 बच्चे की मां अफसरों के सामने हाथ जोड़कर बोली- साहब, मेरा बच्चा ले आइए। घटना बुधवार शाम 6 बजे हुई। आंधी-बारिश की वजह से रात 11 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह 6 बजे से 10 नाव से रेस्क्यू शुरू किया। 3 घंटे बाद सुबह 9 से 10 बजे के बीच में 3 और दोपहर 1 बजे 2 शव बरामद किए। 

2 बच्चियों की मौत

ये शव ब्रजरानी (25) और 2 बच्चियों अर्चना (14), रानी (9), लव्यांश (5) और आकांक्षा (9) के हैं। 11 साल का आदित्य अब भी लापता हैं। हादसा जिला मुख्यालय से 25 km दूर कुरारा थाना क्षेत्र में हुआ। सभी बच्चे नाव पर सवार होकर नदी के पार एक टापू पर खरबूजा खाने गए थे। लौटते समय नाव पलट गई।

CM ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को युद्धस्तर पर बचाव और राहत कार्य करने के निर्देश दिए हैं। सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना में लापता लोगों की जल्द से जल्द तलाश की जाए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। CM ने इसके साथ ही जिला प्रशासन को दुर्घटना के कारणों की जांच करने और भविष्य में ऐसे हादसे नहीं होने देने के लिए ठोस प्रबंध करने का भी निर्देश दिया है।